कोरबा विधानसभा के 250 कांग्रेस कार्यकर्ता भाजपा में शामिल,प्रत्याशी लखन देवांगन एवं जिला अध्यक्ष ने गमछा पहनकर किया स्वागत..

Thevoicesnews
Thevoicesnews
4 Min Read
WhatsApp Image 2025-07-20 at 10.53.01_42bc2085
WhatsApp Image 2025-07-20 at 10.53.04_54eddaa3
WhatsApp Image 2025-07-20 at 10.53.03_12ad33f5

कोरबा/विधानसभा क्षेत्र के 250 कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भारतीय जनता पार्टी की रीति नीति पर भरोसा करते हुए आज भाजपा में प्रवेश किया।

भारतीय जनता पार्टी के जिला कार्यालय पंडित दीनदयाल कुंज में कोरबा विधानसभा क्षेत्र के प्रत्याशी लखनलाल देवांगन एवं जिला भाजपा अध्यक्ष डॉ. राजीव सिंह के द्वारा इन सभी कार्यकर्ताओं को भाजपा का गमछा पहनकर पार्टी में प्रवेश कराया गया।

जिला कार्यालय में भारतीय जनता पार्टी के नगर पालिक निगम में चयनित पार्षदों की बैठक भी हुई। छाया पार्षद भी इस बैठक में शामिल हुए। इन सबकी उपस्थिति में 250 कांग्रेस कार्यकर्ताओं को भाजपा में प्रवेश कराया गया।

इस अवसर पर भाजपा प्रत्याशी लखनलाल देवांगन ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार के द्वारा आम जनता के जीवन स्तर को ऊंचा उठने के लिए अनेक कल्याणकारी योजनाएं इन 9 वर्षों के कार्यकाल में प्रारंभ की गई है। इन योजनाओं का बेहतर क्रियान्वयन देश भर में किया जा रहा है और छत्तीसगढ़ की जनता,कोरबा विधानसभा की जनता को भी प्रधानमंत्री की योजनाओं का लाभ मिल रहा है।

जिला अध्यक्ष डॉ.राजीव सिंह ने कहा कि आने वाले विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की सरकार छत्तीसगढ़ में भी बनाना है और इसके लिए सभी कार्यकर्ता अभी से तैयारी शुरू कर दें। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की नीति ही ऐसी है कि इसकी तरफ युवा वर्ग एवं महिलाएं आकर्षित हो रहे हैं। इसी का परिणाम है कि आज कांग्रेस के 250 कार्यकर्ता भाजपा में शामिल हुए हैं। उन्होंने सभी नव प्रवेशी कार्यकर्ताओं को बधाई देते हुए कहा कि वह भाजपा की जीत सुनिश्चित करने के लिए कंधे से कंधा मिलाकर कम करें।

नेता प्रतिपक्ष नेता हितानंद अग्रवाल ने कहा कि आज भाजपा पार्षद दल की बैठक भी हुई है और हम सभी पार्षद यह संकल्प लेते हैं कि न सिर्फ कोरबा विधानसभा बल्कि जिले के चारों विधानसभा क्षेत्र में भारतीय जनता पार्टी का परचम लहराया जाएगा और हमारे कार्यकर्ता तन मन धन से प्रत्याशी को जीत दिलाने के लिए काम करेंगे।

हितानंद अग्रवाल ने नगर पालिक निगम के महापौर राजकिशोर प्रसाद एवं कोरबा क्षेत्र के कांग्रेस विधायक पर हमलावर होते हुए कहा कि इनके द्वारा पूरे क्षेत्र का विकास भेदभाव पूर्वक कराया गया है। भाजपा कार्यकर्ताओं के वार्डों की उपेक्षा की गई है। कोरबा विधानसभा क्षेत्र में कहीं भी विकास नजर नहीं आता बल्कि पूर्व में कराए गए कार्यों को ही अपना कार्य बात कर लीपापोती कराई जा रही है। भ्रष्टाचार चरम सीमा पर है और नगर निगम क्षेत्र में तो कार्य हो ही नहीं रहे हैं। चुनाव का वक्त आने पर महापौर के द्वारा बड़े-बड़े वादे और वार्डों में दौरा का दिखावा किया जा रहा है जिसे जनता भली-भांति समझती है। आने वाले समय में भारतीय जनता पार्टी पर जनता अपना भरोसा जताएगी।

अन्य वक्ताओं ने भी उपस्थित कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारी को संबोधित करते हुए कहा कि वह लोगों तक घर-घर जाकर भाजपा सरकार की योजनाओं एवं कार्यों के बारे में जानकारी दें।

इस अवसर पर प्रमुख रूप से अशोक चावलानी, भोजराम राजवाड़े, नवीन पटेल, तुलसी ठाकुर, रमेश पोद्दार, विकास अग्रवाल, प्रफुल्ल तिवारी, आलोक सिंह, अजय विश्वकर्मा, शिव बालक तोमर, ईश्वर चन्द्रा,उमा भारती सराफ, मंजू सिंह सहित बड़ी संख्या में पार्टी के पदाधिकारी व कार्यकर्ता गण उपस्थित रहे।

Share this Article
Home
Wtsp Group
Search