डी. ए .वी मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूल खरमोरा कोरबा में 75 वा गणतंत्र दिवस बड़े ही हर्षोल्लास व धूमधाम से मनाया गया ।इस अवसर पर विद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा अनेक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किये गए , यह कार्यक्रम विद्यालय के प्राचार्य श्री हेमंतो मुखर्जी के अध्यक्षता व दिशा निर्देशन में कराया गया। इस गणतंत्र दिवस के कार्यक्रम में सर्वप्रथम विद्यालय प्रांगण में प्राचार्य महोदय द्वारा ध्वजारोहण कर राष्ट्र गान व डी.ए.वी गान गाया गया जिसमे विद्यालय के समस्त शिक्षक व शिक्षिकाएं , अन्य कर्मचारी मौजूद रहे। तत्पश्चात भारत माता के छाया चित्र पर माल्यार्पण व श्रद्धा सुमन अर्पित कर स्वतंत्रता संग्राम के महान बलिदानियों को याद किया गया। इस कार्यक्रम में विद्यालय प्रांगण में छात्र एवं छात्राओं द्वारा परेड व झंडे की सलामी दी गई ।

परेड का निरीक्षण विद्यालय के प्राचार्य मुखर्जी के द्वारा किया गया , तत्पश्चात विद्यालय के छोटे छोटे बच्चों ने सांस्कृतिक और देशभक्ति से ओत- प्रोत नृत्य प्रस्तुत कर उपस्थित जनों का मन मोह लिया। कार्यक्रम को आगे बढ़ाते हुए विद्यालय के छात्र – छात्राओं द्वारा नृत्य की प्रस्तुतियां दी गई। जिसमें विद्यार्थियों द्वारा हिंदी व अंग्रेजी भाषा मे भाषण , कविता , की प्रस्तुति दी गई , जिसमे कक्षा चौथी की मुस्कान तम्बोली , कक्षा पांचवी के गीतांश ओझा ने इस गणतंत्र दिवस के अवसर पर अपने विचार प्रस्तुत किए तथा विद्यालय की अध्यापिका श्रीमती सोनम सिंह द्वारा हिंदी भाषा में व अध्यापिका मुस्कान साहू ने अंग्रेजी भाषा में देशभक्ति से ओतप्रोत भाषण व अध्यापिका बबली यादव द्वारा देशभक्ति की भावना से परिपूर्ण गीत व छत्तीसगढ़ का राजकीय गीत की प्रस्तुति दी गई एवं विद्यालय के कक्षा एल. के.जी से कक्षा दूसरी के नन्हे- मुन्हें बच्चों ने बहुत ही सुंदर नृत्य की प्रस्तुति दी। इन नन्हे – मुन्हें बच्चों की प्रस्तुति ने उपस्थित सभी जनों का मन मोह लिया। कार्यक्रम की कड़ी को आगे बढ़ाते हुए कक्षा पहली के नन्हे – मुन्हें विद्यार्थीओं ने देश भक्ति गीत व कक्षा दूसरी की छात्रा अहिंजीता प्रधान ने इस गणतंत्र दिवस पर सुन्दर नृत्य की प्रस्तुति दी। कक्षा तीसरी से कक्षा सातवीं व कक्षा ग्यारवीं के छात्र – छात्राओं द्वारा नृत्य की सुंदर प्रस्तुति दी गई। गणतंत्र दिवस के अवसर पर उन सभी विद्यार्थीओं को विद्यालय के प्राचार्य द्वारा प्रमाण – पत्र से सम्मानित किया गया

जिन्होंने विद्यालय के विभिन्न गतिविधियों, खेलों में भाग लिया व विभिन्न प्रतियोगिताओं में भाग लेकर स्थान प्राप्त किया है। कार्यक्रम के अंत मे विद्यालय के प्राचार्य श्री हेमंतो मुखर्जी ने बच्चों , शिक्षकों एवं उपस्थित सभी अभिभावकों को संबोधित करते हुए गणतंत्र दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दी व सभी को संबोधित करते हुए गणतंत्र दिवस पर्व के महत्व पर प्रकाश डाला । उन्होंने विद्यार्थियों को राष्ट्र भक्ति के बारे में बताया कि हम सभी किस प्रकार केवल अपना कार्य पूर्ण ईमानदारी व निष्ठा से करते हुए देश भक्त बन सकते है । यदि सभी विद्यार्थी ईमानदारी से अपनी पढ़ाई एवं शारीरिक विकास को ध्यान में रखते हुए आगे बढ़े तो यही उनकी राष्ट्रभक्ति है, इसी प्रकार यदि एक शिक्षक , कर्मचारी आदि सभी अपना काम ईमानदारी व निष्ठा से करें तो हमारा देश निश्चित रूप से न केवल विकसित देशों की श्रेणी में खड़ा होगा अपितु एक समृद्ध एवं सशक्त राष्ट्र बनेगा। आगे अपने वक्तव्य में प्राचार्य महोदय ने कहा कि हमने ऐसे धरती पर जन्म लिया है जहाँ महात्मा बुद्ध ने ज्ञान प्राप्त किया तथा सिद्धार्थ जैसे महान आत्मा बुद्ध बन गए। इस धरती पर महावीर स्वामी जैसे महान मानवियों ने जन्म लिया , इसी धरती पर गांधी करमचंद से महात्मा गाँधी बने, न जाने कितने ही महान पुरुषों ने इस धरती के लिए बलिदान दिया । आगे प्राचार्य श्री मुखर्जी ने भारतीय संविधान की विविधता पर बोलते हुए कहा कि इसे बनाने में अनेक विद्वानों ने अपना सराहनीय योगदान दिया है।26 नवंबर की ऐतिहासिक तारीख को सन 1949 में भारत की संविधान समिति की तरफ से भारत का संविधान को स्वीकार किया गया जिसे 26 जनवरी 1950 को प्रभावी रूप से लागू किया जा सका । कार्यक्रम के समापन पश्चात उपस्थित सभी जनों , विद्यार्थीओं एवं अभिभावकों को विद्यालय परिवार की ओर से मिष्ठान प्रदान किया गया।

