बनारस के तर्ज पर कोरबा में होगा हसदेव महाआरती , 30 हजार से अधिक श्रद्धालु होंगे शामिल

Thevoicesnews
Thevoicesnews
3 Min Read
WhatsApp Image 2025-07-20 at 10.53.01_42bc2085
WhatsApp Image 2025-07-20 at 10.53.04_54eddaa3
WhatsApp Image 2025-07-20 at 10.53.03_12ad33f5

कोरबा: हिंदू क्रांति सेना के द्वारा कोरबा के सर्वमंगला मंदिर घाट पर देव दीपावली के उपलक्ष्य में हसदेव महाआरती का आयोजन किया जा रहा है, इसे बनारस के देव दीपावली की गंगा आरती की तर्ज पर कराया जा रहा है।

हिंदू क्रांति सेना के अध्यक्ष राहुल चौधरी ने बताया कि आयोजन की तैयारी में समिति के कार्यकर्ता पिछले एक महीने से जुटे थे, जो लगभग पूरी हो चुकी है । हसदेव महाआरती का आयोजन 27 नवंबर सोमवार की शाम 5 बजे से होगा। इसके लिए सर्वमंगला मंदिर घाट को बनारस की तर्ज पर सजाया जा रहा है। बनारस से पंडित भी इस आरती के लिए कोरबा आ रहे हैं। पूजा और हवन कोरबा के ब्राहमणों द्वारा किया जायेगा । बनारस की देव दीपावली और गंगा आरती विश्व प्रसिद्ध है। इसीलिए हसदेव महाआरती करने के लिए बनारस से ही पंडित बुलाए गए हैं ।

पिछले साल भी हिंदू क्रांति सेना ने सर्वमंगला मंदिर घाट पर हसदेव महाआरती का भव्य आयोजन किया था, लेकिन इस साल की हसदेव महाआरती काफी खास होगी। इस बार के हसदेव महा आरती में दरी, बालको, कुसमुंडा, कटघोरा, पाली एवं उरगा क्षेत्र के साथ-साथ पूरे कोरबा एवं आस पास के जिलों से भी श्रद्धालु सम्मिलित होंगे । पिछले साल 20 हजार के आस-पास श्रद्धालु हसदेव महा आरती में शामिल हुए थे।

इस वर्ष इससे अधिक श्रद्धालु भाग लेंगे।श्री चौधरी ने बताया कि हसदेव महा आरती को सफल बनाने के लिए 100 से अधिक कार्यकर्ता तैयारी में लगे हुए हैं। हसदेव महाआरती का आयोजन लोगों को देव दीपावली के दिन दीपदान करने और आरती करने के विशेष महत्व को बताने हेतु किया जा रहा है। साथ ही नदियों की महत्ता बताने तथा उनके संरक्षण हेतु प्रयास करने के लिए भी प्रेरित किया जाएगा । पिछले वर्ष की भांति इस वर्ष भी मंत्रोच्चार करने वाले पंडितों के साथ ही शहर भर के श्रद्धालुओं को हिंदू धर्म से जुड़े विभिन्न संगठन और आम लोगों को आयोजन में आमंत्रित किया गया है।

11 हजार दीप प्रज्वलन व झांकी आकर्षण का केंद्र

हसदेव महा आरती 2023 में मुख्य आकर्षण के केंद्र में 11000 दीप प्रज्वलन, 2100 दीपदान, 51 लीटर दूध में दुधाभिषेक, 51 मी. चुनरी भेंट, बनारस के पंडितों द्वारा महा आरती, भव्य आतिशबाजी, साउंड एवं साइट शो, लेजर लाइट शो, भजन संध्या, पुष्प वर्षा के अलावा झांकी व ब्राहमणों द्वारा शंखनाद होगा।

महाआरती के दौरान कड़ी सुरक्षा व्यवस्था

पिछले साल महाआरती में प्रशासन व पुलिस का काफी सहयोग प्राप्त हुआ था। इस वर्ष भी आयोजन को लेकर प्रशासन और पुलिस से निश्चित तौर पर सहयोग मिलेगा। जहां सुरक्षा के लिए पुलिस के जवान तैनात होंगे वही ट्रैफिक व्यवस्था के लिए यातायात पुलिस मौके पर मौजुद रहेगी।

Share this Article
Home
Wtsp Group
Search