
कोरबा/डीएवी पब्लिक स्कूल खरमोरा के प्राचार्य श्री हेमन्तो मुखर्जी ने आगामी 7 मई 2024 मंगलवार को छत्तीसगढ प्रदेश के सभी मतदाताओं से लोकतन्त्र के महापर्व में अपनी सहभागिता करते हुए लोकसभा निर्वाचन-2024 में मतदान जरूर करने का आह्वान किया है। श्री मुखर्जी ने कहा अपने मतदान केन्द्र पर पहुँचकर निर्भीक होकर मतदान कर भारतीय लोकतंत्र को मजबूत बनाने में अपनी सक्रिय भागीदारी निभायें। उन्होंने कहा कि मतदाता ही समृद्ध भारत की समृद्ध लोकतांत्रिक परम्पराओं के संवाहक हैं। मतदाताओं की सक्रिय सहभागिता से ही हमारा लोकतंत्र परिष्कृत और समृद्ध बनता है। मतदान से लोकतांत्रिक परम्परा को अधिक समृद्ध बनाने, संवैधानिक कर्तव्य निभाने का एक और अवसर हम सभी को मिला है।
लोकतंत्र में स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं पारदर्शी निर्वाचन प्रक्रिया एक महत्वपूर्ण सोपान है। मतदान एक ऐसी शक्ति है जो देश की दिशा और दशा दोनो को बदल सकती है और यह हमारा मूलभूत अधिकार और परम कर्तव्य भी है। अतः लोकतंत्र के महापर्व निर्वाचन में अवश्य भाग लें।
