
कोरबा, छत्तीसगढ़: कोरबा जिले के बालको थाना क्षेत्र में एक 8 वर्षीय मासूम बालक की पानी में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद से नेहरू नगर स्थित उसके परिवार में शोक की लहर दौड़ गई है।
जानकारी के अनुसार, नेहरू नगर निवासी दीपेश साह (उम्र 8 वर्ष) मंगलवार को अपने एक दोस्त के साथ मछली पकड़ने के बहाने घर से निकला था। दोनों बच्चे नेहरू नगर श्मशान घाट के पास पानी में नहा रहे थे, तभी अचानक वे तेज बहाव की चपेट में आ गए। इस दौरान दीपेश का संतुलन बिगड़ गया और वह पानी में बह गया।
घाट पर मछली पकड़ रहे कुछ स्थानीय लोगों की नजर दीपेश पर पड़ी जब उन्होंने देखा कि वह पानी में फंसे एक जाल में उलझ गया है। उन्होंने बिना देर किए बच्चे को बाहर निकाला और तत्काल डायल 112 को सूचना दी। डायल 112 की टीम, जिसमें चालक खुशवंत राठिया और आरक्षक सुरेन्द्र पाल कंवर (151) शामिल थे, मौके पर पहुंची और बच्चे को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया।
हालांकि, चिकित्सकों ने उपचार के दौरान दीपेश को मृत घोषित कर दिया। इस हृदय विदारक घटना से पूरे परिवार में कोहराम मच गया है और गहरा दुख व्याप्त है।
