रेल सुविधाओं के मामले में जिस तरह से छत्तीसगढ़ की लगातार उपेक्षा की जा रही है उसे लेकर कांग्रेस प्रदेश स्तर पर बड़ा आंदोलन करने जा रही है। 13 सितंबर को पूरे छत्तीसगढ़ में रेल रोकों आंदोलन किया जाएगा। प्रदेश के सभी जिलों में कांग्रेसी नेता केंद्र सरकार के खिलाफ धरना प्रदर्शन करेंगे। इससे पहले दस से लेकर 12 सितंबर तक आम जनता को बैनर पोस्टर के माध्यम से आंदोलन की जानकारी दी जाएगी जिसके बाद 13 सितंबर को प्रदर्शन किया जाएगा।
13 सितंबर को पूरे प्रदेश में ट्रेन में पहिए थमने वाले है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर छत्तीसगढ़ के सभी जिलों में केंद्र सरकार की मनमानी के खिलाफ आंदोलन किया जाएगा। मरम्मत के नाम पर जिस तरह से समय समय पर छत्तीसगढ़ से चलने वाली ट्रेनों का परिचालन ठप्प कर दिया जा रहा है उससे आम जनता को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सरकार से पत्राचार करने के बाद भी समस्याओं का समाधान नहीं हो पा रहा है। यही वजह है,कि प्रदेश सरकार ने इस मुद्दे को लेकर प्रदेश व्यापी आंदोलन करने का निर्णय लिया है। आंदोलन की जानकारी देने के लिए कांग्रेस कार्यालय में प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया,जहां रेल रोको आंदोलन के प्रभारी व धर्मजयगढ़ विधायक लालजीत सिंह राठिया मुख्य रुप से मौजूद रहे। पत्रकारों से चर्चा करते हुए उन्होंने बताया,कि 10 से लेकर 12 सितंबर तक बैनर,पोस्टर और पाॅम्प्लेट के माध्यम से लोगों को आंदोलन के संबंध में जानकारी दी जाएगी जिसके बाद 13 सितंबर को धरना प्रदर्शन किया जाएगा।
प्रेस वार्ता के माध्यम से कांग्रेस नेताओं ने आम जनता से इस आंदोलन में बड़ी से बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील की है ताकी सरकार को भी समझ आए,कि जिस तरह से लगातार ट्रेनों का परिचालन रद्द किया जा रहा है उससे उन्हें कितने परेशानियां झेलनी पड़ रही है।
