*रईसजादे ने गरीब बाइक सवार पर चढ़ाई कार, अधेड़ की हालत नाजुक, शहर के रसूखदार जुटे आरोपी को बचाने में !*

Thevoicesnews
Thevoicesnews
3 Min Read

कोरबा। शहर में रईसजादों की मनमानी और रसूख का खेल थमने का नाम नहीं ले रहा। सोमवार देर रात मानिकपुर चौकी क्षेत्र के महाराणा प्रताप चौक में तेज रफ्तार एमजी हेक्टर कार ने हीरो स्प्लेंडर बाइक सवार अधेड़ को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में अधेड़ की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है और उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों की निगरानी में इलाज जारी है।


जानकारी के मुताबिक, घायल अधेड़ विवाह कार्यक्रम में कोरबा आया था। जैसे ही वो महाराणा प्रताप चौक के पास पहुंचा, तभी तेज रफ्तार लग्जरी एमजी हेक्टर कार ने सीधी टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और अधेड़ कई मीटर दूर जा गिरा। मौके पर मौजूद लोगों ने किसी तरह घायल को सड़क से उठाकर अस्पताल भिजवाया।


हादसे के बाद मौके पर भीड़ जमा हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कार चला रहा युवक बेहद रईस घराने से ताल्लुक रखता है जो कि शराब के नशे में था। टक्कर मारने के बाद आरोपी मौके से भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन लोगों ने कार को रोक लिया।


अब सबसे शर्मनाक पहलू ये है कि हादसे की खबर लगते ही पुलिस से पहले शहर के रसूखदार लोग मौके पर पहुंच गए। उनका एक ही मकसद था — आरोपी को किसी तरह बचाना। अस्पताल से लेकर थाने तक फोन घनघना उठे। सिफारिशों का दौर चालू हो गया।
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि जब कोई गरीब, मजदूर या आम आदमी छोटी सी गलती भी कर दे, तो उसे तुरंत पकड़कर थाने में डाल दिया जाता है। लेकिन यहां जब एक रसूखदार रईसजादा लापरवाही से किसी की जान ले लेने की हालत में पहुंचा दे, तो उसे बचाने पूरा शहर का ताकतवर तबका जुट जाता है।
लोगों का कहना है कि ये कोई पहली घटना नहीं है। रसूखदारों की गाड़ियां आए दिन सड़कों पर रफ्तार भरती हैं और कानून-व्यवस्था को ठेंगा दिखाती हैं। लेकिन पुलिस और प्रशासन कार्रवाई करने की हिम्मत नहीं जुटा पाते।
इधर, पीड़ित के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। लोगों ने जिला प्रशासन और पुलिस से मांग की है कि आरोपी को तुरंत गिरफ्तार कर उस पर सख्त धाराओं में केस दर्ज किया जाए। साथ ही पीड़ित का बेहतर इलाज कराकर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाए।

Share this Article
Home
Wtsp Group
Search
📲 Share