
कोरबा। पुलिस चौकी परिसर में आरक्षक से मारपीट करना रामपुर विधायक के प्रतिनिधि को महंगा पड़ गया। वह वारदात को अंजाम देता, इससे पहले ही पुलिस हरकत में आ गई। उसे आजाक थाना तलब कर पूछताछ की गई। पुलिस ने पूछताछ के दौरान अपराध स्वीकार करने पर आरोपी के खिलाफ एससीएसटी एक्ट सहित विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई कर दी। उसे कोर्ट में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
घटना रजगामार पुलिस चौकी में 31 दिसंबर की रात घटित हुई थी। ओमपुर के आवास क्रमांक एम 745 में आरक्षक विकास कोसले निवास करता है। वह करतला थाने से डाक लेकर पुलिस अधीक्षक कार्यालय आया था, जहां से रात में घर चला गया। वह घर में बैठा था। इसी दौरान ममेरे भाई राजेंद्र जांगड़े भागते हुए पहुंचा और रामपुर विधायक प्रतिनिधि जयकिशन पटेल द्वारा मारपीट किए जाने की जानकारी दी। आरक्षक ममेरे भाई को लेकर पुलिस चौकी पहुंचा। वह पुलिस चौकी में शिकायत पत्र लिख रहा था। इसी दौरान विधायक प्रतिनिधि चौकी जा धमका। उसने आरक्षक से जातिगत गाली गलौच करते हुए मारपीट शुरू कर दी। मामले में पुलिस ने उभयपक्ष के खिलाफ जुर्म दर्ज कर लिया था। पुलिस ने आरक्षक की शिकायत दर्ज कर डायरी आजाक थाना भेज दिया।जहां आरक्षक द्वारा जाति प्रमाण पत्र पेश करने पर विधायक प्रतिनिधि के खिलाफ एसटीएससी एक्ट की धारा भी जोड़ी गई। मामले में आरोपी जयकिशन पटेल को तलब कर पूछताछ की गई, तो उसने अपना गुनाह स्वीकार कर लिया। मामले में वैधानिक कार्रवाई पूरी करते हुए आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।पुलिस अफसरों का कहना है कि ऐसी किसी कृत्य को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा, जो कानून के विपरीत हो। ऐसे मामले में आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी, किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।
