कोरबा। म्युनिसिपल कॉरपोरेशन कोरबा के छठवें चुनाव में प्रतिनिधित्व करने को लेकर युवा वर्ग उत्साहित है। कोरबा के वार्ड संख्या 31 से सिविल इंजीनियर अंकित तिवारी ने स्वतंत्र उम्मीदवार के रूप में नामांकन दाखिल किया है। पूरी दमखम के साथ मैदान में डटे हुए हैं। उनके जनसंपर्क में युवाओं की टीम पूरे क्षेत्र में काम कर रही है।
कांग्रेस पृष्ठभूमि से आने वाले अंकित तिवारी ने इस क्षेत्र से दावेदारी की थी। पिछले वर्षों में उन्होंने भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन एनएसयूआई में जिला संयोजक की भूमिका निभाई। वे इसी संगठन के प्रदेश प्रवक्ता रह चुके हैं। इसके अलावा उन्होंने प्रदेश महासचिव की जिम्मेदारी निभाई। यूथ कांग्रेस के जिला उपाध्यक्ष निर्वाचित होने के साथ उन्होंने संगठन के लिए महत्वपूर्ण तरीके से काम किया और युवाओं के बीच विशेष पहचान स्थापित की। बैचलर ऑफ़ इंजीनियरिंग सिविल की डिग्री रखने वाले अंकित तिवारी ने कोरबा नगर निगम के चुनाव में वार्ड संख्या 31 से कांग्रेस से टिकट की मांग की थी लेकिन इसे स्वीकार नहीं किया गया। इसलिए उन्होंने इसी क्षेत्र से स्वतंत्र उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ने की मानसिकता बनाई और अपना नामांकन दाखिल किया।
उन्होंने बताया कि क्षेत्र की समस्याओं के समाधान के साथ-साथ युवाओं और अन्य वर्ग से संबंधित मुद्दों के लिए वे बेहतर तरीके से काम करने की इच्छा रखते हैं। ऐसे ही विषय को लेकर वे जनता के बीच अपनी उपस्थिति दर्ज कर रहे हैं और उन्हें लोग समर्थन भी दे रहे हैं। अंकित का कहना है कि सरकार की योजनाओं का लाभ लोगों तक पहुंचाने के लिए बेहतर क्षमता वाले प्रतिनिधि का होना जरूरी है।
