
कोरबा,: कोरबा के दादरखुर्द स्थित शासकीय माध्यमिक विद्यालय के बाहर कल, 12 जुलाई 2025 को छात्रों के बीच हुए एक झगड़े में एक छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना में एक छात्र ने दूसरे छात्र के गले और गर्दन पर ब्लेड से हमला कर दिया, जिससे उसे गहरी चोटें आईं। घायल छात्र को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मानिकपुर सहायता केंद्र में कल शिकायत दर्ज की गई कि कक्षा 7वीं के दो छात्रों के बीच छाता और साइकिल तोड़ने को लेकर विवाद हुआ था। इसी विवाद के दौरान एक छात्र ने अपने पास रखा ब्लेड निकालकर दूसरे छात्र के गले पर वार कर दिया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए, मानिकपुर पुलिस चौकी में आरोपी छात्र (जो कि नाबालिग है) के खिलाफ हत्या के प्रयास (धारा 307) के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपी विधि से संघर्षरत बालक से पूछताछ की, जिसमें उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। उसे अब विधिवत किशोर न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
पुलिस ने स्कूल प्रबंधन और अभिभावकों से अपील की है कि विद्यालय आते-जाते समय छात्रों के साथ किसी भी आपराधिक घटना की जानकारी मिलने पर तुरंत पुलिस को सूचित करें।
