कोरबा, बांकी थाना क्षेत्र के मोंगरा बस्ती में शुक्रवार शाम एक युवक की रक्त रंजित लाश मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है. विद्युत सब स्टेशन के करीब मिली लाश को देखकर नृशंस हत्या की आशंका जताई जा रही है. मृतक की पहचान दर्री थाना क्षेत्र के अयोध्यापुरी निवासी अश्वनी पाठक के रूप में हुई है, जिसकी शिनाख्त उसके परिजनों ने कर ली है.

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया. बांकी थाना पुलिस के साथ-साथ, फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वाड भी मौके पर पहुंची. पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से मुआयना किया और साक्ष्य जुटाए.
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नितीश ठाकुर ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस संदिग्धों से कड़ाई से पूछताछ कर रही है. फिलहाल, हत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है, लेकिन पुलिस जल्द ही मामले का पर्दाफाश करने का दावा कर रही है. इस घटना से समूचे बांकी-मोंगरा क्षेत्र में भय और आक्रोश का माहौल है.
