

कोरबा/आज डीएवी मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूल खरमोरा कोरबा के विद्यालय प्रांगण में 10वीं तथा 12वीं के बोर्ड परीक्षार्थियों की सफलता के लिए भव्य वैदिक हवन का आयोजन किया गया। पुरोहित श्री अर्जुन वर्मा तथा श्री पी के पटेल जी द्वारा निर्विघ्न रूप से हवन संपन्न कराया गया। इस हवन में कक्षा 8वीं, 9वीं तथा 11वीं के छात्रों ने भी भाग लिया। यह हवन छात्रों को परीक्षा में सफलता प्राप्त करने तथा उज्जवल भविष्य की कामना के लिए आयोजित किया गया। प्राचार्य श्री हेमंतो मुखर्जी ने हवन के आयोजन का उद्देश्य बताते हुए छात्रों को संबोधित किया। ऐसे हवन से वातावरण में धनात्मक ऊर्जा का संचार होता है। उन्होंने कहा कि सभी छात्रों की परीक्षाएं निकट है इसलिए सभी छात्र अपना सारा ध्यान, अपनी सारी ऊर्जा पढ़ाई पर केंद्रित करें। समय का सदुपयोग करें, परिश्रम करें तथा बार-बार अभ्यास करें। स्वयं की क्षमता पर विश्वास करके परिश्रम करने से सफलता अवश्य ही प्राप्त होती है। परिश्रम और बारंबार अभ्यास करने के संदर्भ में वृदं कवि अपनी रचना वृदं सत्संईं में कहते हैं कि “करत – करत अभ्यास के जड़मति होत सुजान। रसरी आवत जात ते सिल पर परत निसान। अर्थात जिस प्रकार कूंए की जगत के पत्थर पर बार-बार रस्सी के आने – जाने की रगड़ से निशान बन जाते हैं, उसी प्रकार लगातार अभ्यास से अल्प बुद्धि, जड़मति व्यक्ति भी बुद्धिमान तथा सुजान बन सकता है। तत्पश्चात प्राचार्य मुखर्जी ने पंडित श्री अर्जुन वर्मा तथा पंडित पी के पटेल जी का विद्यालय प्रांगण में आने, हवन करने एवं छात्रों को आशीर्वाद देने के लिए आभार व्यक्त किया। हवन की पूर्णाहुति पर सभी शिक्षकों ने छात्रों की सफलता एवं उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए पुष्प वर्षा की। छात्रों ने पंडित जी, प्राचार्य महोदय एवं सभी शिक्षकों का आशीर्वाद लिया। इस हवन को सफल बनाने में विद्यालय परिवार के सभी स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा।

