
कोरबा, : थाना दीपका पुलिस ने नगीनझोरखी में हुई सनसनीखेज हत्या की गुत्थी मात्र चंद घंटों में सुलझा ली। 23 वर्षीय नम्रता साहू की धारदार हथियार से हत्या करने वाला आरोपी राहूल जोगी को बाघा बॉर्डर हरदीबाजार रोड के पास धर दबोचा गया। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त लोहे का कटा और आरोपी के कपड़े भी बरामद कर लिए।

मामला 16 जनवरी की शाम का है। नम्रता साहू घर में अकेली थीं, जब आरोपी ने घर में घुसकर उनके चेहरे, गले और गर्दन पर प्राणघातक वार किए। पिता रामकुमार साहू ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी, जिस पर अपराध संख्या 31/2026 धारा 103(1), 331(4), 238 BNS दर्ज किया गया।
पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश, अतिरिक्त एसपी लखन पटले और नगर एसपी विमल पाठक के मार्गदर्शन में मुखबीर की सूचना पर कार्रवाई की गई। पूछताछ में राहूल जोगी (25 वर्ष, निवासी बांधाखार, थाना पाली) ने हत्या कबूल ली। उसे न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।

पुलिस का कहना है कि आरोपी का मृतका से परिचय था और अवसर पाकर उसने वारदात को अंजाम दिया। जांच जारी है।
