
कोरबा। ऊर्जाधानी के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत इतवारी बाजार में पूर्व गृहमंत्री के बेटे संदीप कंवर ने नशे की हालत में जमकर उत्पात मचाया। पूर्व विधायक लिखी गाड़ी से एक दुकान को टक्कर मारने के बाद आरोपी ने न केवल दुकानदार के साथ मारपीट और गाली-गलौज की, बल्कि थाने लाने के बाद भी पुलिस के सामने जमकर हंगामा किया और धौंस दिखाते हुए वहां से फरार हो गया।
दुकान में घुसाई गाड़ी, फिर की मारपीट
जानकारी के अनुसार, संदीप कंवर नशे में धुत होकर अपनी गाड़ी (जिस पर पूर्व विधायक रामपुर लिखा था) चला रहा था। इतवारी बाजार के पास उसने अनियंत्रित होकर एक दुकान को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद जब पीड़ित पक्ष ने विरोध किया, तो संदीप ने गाली-गलौज शुरू कर दी और मारपीट पर उतारू हो गया। बताया जा रहा है कि पीड़ित की बेटी पुलिस विभाग में ही आरक्षक के पद पर तैनात है।

थाने में पिता की धौंस और ‘जो करना है कर लो’ की चुनौती
घटना के बाद पुलिस आरोपी संदीप कंवर को कोतवाली थाने लेकर आई, लेकिन यहाँ भी उसका रसूख कम नहीं हुआ। संदीप ने थाने के भीतर भी पुलिसकर्मियों और पीड़ित पक्ष के सामने जमकर हंगामा किया। उसने चिल्लाते हुए अपने पिता के पद और रसूख की धौंस दिखाई और कहा, “जो करना है कर लो, मेरा कुछ नहीं बिगड़ेगा।”
गाली देकर थाने से ही फरार
हैरानी की बात यह रही कि पुलिस की मौजूदगी में भी आरोपी का हौसला इतना बुलंद था कि वह गाली-गलौज करते हुए अपनी गाड़ी लेकर थाने से ही फरार हो गया। पुलिस मूकदर्शक बनी देखती रही और रसूखदार के आगे बेबस नजर आई। इस घटना के बाद से स्थानीय लोगों में काफी नाराजगी है और पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं।
शहर के इतवारी बाजार में हुई टक्कर और उसके बाद हुए हंगामे को लेकर सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि पुलिस को शिकायत प्राप्त हुई है। एक कार चालक द्वारा लापरवाही पूर्वक वाहन चलाने और दुकान में टक्कर मारने के साथ-साथ मारपीट की बात सामने आई है।
बाइट :-(सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी): “हमें अज़ीन कुरैशी की तरफ से शिकायत मिली है कि उनकी दुकान पर एक व्यक्ति द्वारा लापरवाही पूर्वक गाड़ी चलाकर एक्सीडेंट किया गया और उनके साथ मारपीट की गई। आवेदन में जिस गाड़ी का उल्लेख है उस पर ‘विधायक रामपुर’ लिखा हुआ है। मामले की विधिवत जांच कर आगे की वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।” सीएसपी ने यह भी पुष्टि की कि वाहन और चालक की पहचान की जा रही है और कानून के मुताबिक कड़ी कार्यवाही की जाएगी।
