*ONC बार हंगामा मामला: SP के संज्ञान के बाद आज पुलिस ने की कार्रवाई, दो गार्डों पर FIR, ‘सजग कोरबा’ की दिखी तस्वीर*

Thevoicesnews
Thevoicesnews
2 Min Read
WhatsApp Image 2025-07-20 at 10.53.01_42bc2085
WhatsApp Image 2025-07-20 at 10.53.04_54eddaa3
WhatsApp Image 2025-07-20 at 10.53.03_12ad33f5

कोरबा। पाम मॉल स्थित ONC बार में बीते दिनों रईसजादों की अय्याशी, युवतियों की मौजूदगी और नशे में धुत सुरक्षाकर्मियों का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हुआ था। द वॉइस न्यूज पोर्टल द्वारा सबसे पहले इस खबर को प्रमुखता से दिखाए जाने के बाद पुलिस प्रशासन हरकत में आया।
आज रविवार को कोरबा पुलिस की टीम मौके पर पाम मॉल पहुंची और बार के आसपास की गतिविधियों का गहन निरीक्षण किया। इस दौरान, कल ही बार के बाहर सार्वजनिक स्थान पर शराब पीते पाए गए दो सुरक्षाकर्मियों पर FIR दर्ज की गई है। यह कार्रवाई सार्वजनिक शांति भंग करने और नियमानुसार सुरक्षात्मक कर्तव्य के उल्लंघन के आरोप में की गई।
इस पूरे मामले में एसपी सिद्धार्थ तिवारी ने स्वयं संज्ञान लिया था और निर्देश दिया था कि शहर को “विवादमुक्त और सुरक्षित” बनाए रखने के लिए किसी भी प्रभावशाली व्यक्ति को कानून से ऊपर न समझा जाए। उनकी सख्त हिदायत के बाद CSEB चौकी पुलिस और सिविल लाइन थाना पुलिस ने शनिवार रात ही जांच शुरू कर दी थी और आज रविवार टीम ने ONC बार पहुंचकर प्रबंधन से जवाब-तलब भी किया।
पुलिस के मुताबिक, वायरल वीडियो की बारीकी से जांच की जा रही है, और वीडियो में दिख रहे युवक-युवतियों की पहचान भी की जा रही है। यदि वे नशे की हालत में सार्वजनिक स्थान पर उपद्रव करते पाए गए तो उन पर भी कानूनन कार्रवाई की जाएगी।
सीएसपी भूषण एक्का ने बताया कि, “ONC बार और आसपास के क्षेत्र में पुलिस गश्त को और बढ़ाया जाएगा। हर उस तत्व पर कार्रवाई होगी जो कोरबा की शांति व्यवस्था को चुनौती देगा।”
इस तेज कार्रवाई से कोरबा पुलिस का “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” वाला चेहरा साफ नजर आया। आम नागरिकों ने भी इस सख्ती का स्वागत किया है और उम्मीद जताई है कि पुलिस इसी तरह निष्पक्ष कार्रवाई जारी रखेगी, चाहे आरोपी कितने भी रसूखदार क्यों न हों।

Share this Article
Home
Wtsp Group
Search