कोरबा। रविवार रात टीपी नगर में तेज रफ्तार थार जीप (CG12 BJ 5048) ने शहर में खौफ का मंजर खड़ा कर दिया। शराब के नशे में धुत्त चालक राकेश यादव ने पहले गन्ने के रस के ठेले को टक्कर मारी, फिर कई अन्य ठेलों और दोपहिया वाहनों को रौंदते हुए फरार हो गया। लेकिन कोरबा पुलिस की सख्ती के आगे उसकी गुंडागर्दी नहीं टिक पाई।
तेजी से दौड़ रही थार बनी आफत
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा ट्रांसपोर्ट नगर टैक्सी स्टैंड के पास हुआ, जहां राकेश यादव ने अपनी थार स्टार्ट की और तेज रफ्तार में ठेले-खोमचे तोड़ते हुए दुकानों व खड़े वाहनों में टक्कर मार दी। गाड़ी इतनी तेज थी कि नियंत्रण हटते ही कहर मचाने लगी। टीपी नगर क्षेत्र में इंडियन कॉफी हाउस से प्रेस कॉम्प्लेक्स जाने वाले मार्ग पर लोगों की जान पर बन आई।
एलॉय व्हील पर दौड़ाई थार, फिर हुआ फरार
ठोकरों के बाद थार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, टायर पंचर हो गया, लेकिन आरोपी ने रुके बिना जीप को एलॉय व्हील पर दौड़ाते हुए कुसमुंडा स्थित अपने ऑफिस तक पहुंचाया। पुलिस को गुमराह करने के लिए वहां से फिर फरार हो गया।
कोरबा पुलिस का एक्शन – जुलूस निकालकर दिखाई ताकत
रातभर पुलिस आरोपी को खोजती रही और आखिरकार सोमवार को उसे धर दबोचा। कोरबा पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 110 के तहत गैर-जमानती मामला दर्ज कर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत ₹40,000 से अधिक का जुर्माना ठोका। इसके अलावा, थार चालक राकेश यादव का जुलूस निकालकर उसे शहरभर में घुमाया गया, जिससे जनता के सामने पुलिस की सख्ती साफ दिखी।
जनता ने की पुलिस की कार्रवाई की सराहना
थार चालक की करतूत से गुस्साए लोगों ने पुलिस की कार्रवाई का समर्थन किया। आमजन ने कहा कि ऐसे उपद्रवी तत्वों पर पुलिस का शिकंजा और सख्त होना चाहिए। टीपी नगर क्षेत्र में आए दिन नशे में धुत्त वाहन चालकों की लापरवाही देखने को मिलती है, जिससे अब पुलिस का सख्त रवैया अपराधियों के लिए सबक साबित होगा।
