
कोरबा। शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत सीतामढ़ी इलाके से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। यहाँ घर के आंगन में खेल रही दो वर्षीय मासूम बच्ची पर खौलती हुई दाल गिर गई, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गई। अस्पताल में इलाज के दौरान मासूम ने दम तोड़ दिया, जिससे पूरे इलाके में शोक की लहर है।
सिगड़ी के पास खेल रही थी मासूम
जानकारी के अनुसार, सीतामढ़ी शिव मंदिर गली निवासी शंकर सारथी, जो पेशे से बढ़ई हैं, अपनी पत्नी आरती सारथी और दो बच्चों के साथ रहते हैं। गुरुवार को जब शंकर घर पर थे, उनकी पत्नी आंगन में सिगड़ी पर दाल पका रही थीं। कुछ समय के लिए जब आरती कमरे के भीतर गईं, तभी उनकी दो साल की बेटी आराधना खेलते-खेलते सिगड़ी के पास पहुँच गई।
अचानक मासूम का शरीर दाल के बर्तन से टकरा गया और खौलती हुई दाल उसके ऊपर गिर गई। बच्ची के रोने की आवाज सुनकर माता-पिता तुरंत आंगन की ओर भागे, जहाँ उन्होंने आराधना को बुरी तरह झुलसी हुई हालत में पाया।
इलाज के दौरान तोड़ा दम
परिजनों ने तत्काल बच्ची को निहारिका स्थित एक निजी अस्पताल पहुँचाया, जहाँ से प्राथमिक उपचार के बाद उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया गया। डॉक्टरों के तमाम प्रयासों के बावजूद मासूम की जान नहीं बचाई जा सकी और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
आराधना की मौत के बाद से परिवार में मातम पसरा हुआ है। बताया जा रहा है कि मासूम का एक बड़ा भाई भी है। जिला अस्पताल चौकी पुलिस को मेमो मिलने के बाद पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज कर लिए हैं और मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
