
कोरबा, छत्तीसगढ़ शासन, सामान्य प्रशासन विभाग, नवा रायपुर के निर्देशानुसार कोरबा जिले में एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के अंतर्गत विभिन्न थाना क्षेत्रों में जप्त किए गए मादक पदार्थों का विधिवत नष्टीकरण किया गया। इसके लिए जिला स्तरीय ड्रग डिस्पोजल समिति गठित की गई थी, जिसके दिशा-निर्देशन में यह कार्रवाई संपन्न हुई।

नष्टीकरण की यह प्रक्रिया बालको पावर प्लांट के भट्ठी (Furnace) में दिनांक 08.05.2025 को पूरी की गई, जहाँ जप्त मादक पदार्थों को जलाकर और रोलर से कुचलकर नष्ट किया गया। इस अवसर पर समिति के अध्यक्ष एवं पुलिस अधीक्षक कोरबा सिद्धार्थ तिवारी , अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नीतीश ठाकुर, जिला आबकारी अधिकारी आशा सिंह, तथा क्षेत्रीय पर्यावरण अधिकारी की उपस्थिति में संपूर्ण प्रक्रिया को पारदर्शी और विधिसम्मत तरीके से अंजाम दिया गया।

नष्ट किए गए मादक पदार्थों में कुल मिलाकर लगभग 13.424 किलोग्राम गांजा, 1032 नग कैप्सूल, 730 नग टेबलेट, और 75 नग गांजा पौधा शामिल थे। इन मामलों में से कुछ प्रकरण न्यायालय में लंबित हैं जबकि कुछ मामलों में दोष सिद्ध या दोषमुक्ति का निर्णय हो चुका है।
प्रशासन द्वारा यह कदम नशीले पदार्थों के दुरुपयोग को रोकने तथा कानून व्यवस्था बनाए रखने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है। इससे यह संदेश भी गया है कि अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ जिला प्रशासन सख्त और संवेदनशील दोनों है।
