कोरबा, बांकी मोंगरा | कोरबा जिले के बांकी मोंगरा थाना परिसर में दो पक्षों के बीच हुए विवाद का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। यह विवाद पुलिस की मौजूदगी में हुआ, जिससे पूरे मामले को लेकर आम जनता में चर्चा का विषय बन गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह विवाद गजरा ऑफिसर्स कॉलोनी के पास शुरू हुआ, जहां — अमलेश, माधव राज, नीरज राज, सूरज यादव, अंशु राज, शौर्य, शिवम कुमार और पियूष यादव — का दो स्थानीय युवकों के साथ किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। इसके बाद दोनों पक्ष बांकी मोंगरा थाने पहुंचे, जहां कहासुनी और बहसबाज़ी और बढ़ गई।
थाना परिसर में हुए इस विवाद का किसी ने मोबाइल से वीडियो बना लिया और सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वीडियो में दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक देखी जा सकती है, जिससे साफ ज़ाहिर है कि मामला गंभीर तनावपूर्ण स्थिति तक पहुँच चुका था।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई
वायरल वीडियो और घटना की पुष्टि करते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, कोरबा ने बताया कि यह मामला 6-7 के रात्रि का है ,दोनों पक्षों के बीच पूर्व में विवाद हुआ था और उनके द्वारा दिए गए आवेदन के आधार पर विधिवत कार्रवाई की जा चुकी है। पुलिस ने दोनों पक्षों पर निष्पक्ष रूप से कार्रवाई करते हुए मामला शांत करवाया।
स्थानीय स्तर पर फैली चर्चा
इस घटना के सामने आने के बाद इलाके में कानून व्यवस्था को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। नागरिकों का कहना है कि अगर थाना परिसर में ही इस तरह के हालात बन रहे हैं, तो आम लोग खुद को कैसे सुरक्षित महसूस करेंगे। वहीं पुलिस प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि मामले पर कड़ी नजर रखी जा रही है और आगे किसी भी प्रकार की अराजकता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
अब यह देखना होगा कि पुलिस इस मामले में किस स्तर तक पारदर्शिता और निष्पक्षता बनाए रखती है, ताकि क्षेत्र में शांति और कानून का भय बना रहे।
