*टायर बदलते वक्त ट्रक ड्राइवर और हेल्पर से लूटपाट, मारपीट कर 39 हजार नकद और मोबाइल लूटकर फरार हुए बदमाश*

Thevoicesnews
Thevoicesnews
3 Min Read
WhatsApp Image 2025-07-20 at 10.53.01_42bc2085
WhatsApp Image 2025-07-20 at 10.53.04_54eddaa3
WhatsApp Image 2025-07-20 at 10.53.03_12ad33f5

 

कोरबा। एक दर्दनाक और सनसनीखेज घटना में ट्रक चालक और उसके हेल्पर के साथ मारपीट कर नकद 39,000 रुपये, मोबाइल फोन, दस्तावेज़ और अन्य सामान लूट लिया गया। यह घटना बीती रात उस समय हुई जब चालक सड़क किनारे ट्रक का टायर बदल रहा था। घटना स्थल कोरबा ज़िले के बरोदखार क्षेत्र के पास की बताई जा रही है।

पीड़ित चालक, ग्राम आनंदपुर (पोस्ट चिटौद, थाना पुरूर, जिला बालोद) निवासी ने बताया कि वह वर्तमान में नंदा ट्रांसपोर्ट, धमतरी में ट्रक चालक के रूप में कार्यरत है। 16 मई को वह अपने हेल्पर दिनेश साहू के साथ ट्रक (CG 08 W 9515) में हाईब्रिड धान लोड कर अम्बिकापुर रवाना हुआ था। 21 मई को वापस अम्बिकापुर से कोण्डागांव के लिए रवाना हुए।

रास्ते में चोटिया टोल पार करने के कुछ किलोमीटर बाद एक ढाबे पर खाना खाने के बाद, वे दोनों कोण्डागांव की ओर बढ़े। तभी एक पुलिया के पास ट्रक का टायर फट गया। दोनों मिलकर टायर बदल रहे थे कि लगभग रात 2:30 से 3:00 बजे के बीच एक सफेद रंग की कार ट्रक के पीछे आकर रुकी।

कार से उतरे चार लोगों में से एक ने पहले पानी मांगा। जैसे ही पानी देने की कोशिश की गई, बाकी लोग बाहर निकलकर ट्रक चालक और हेल्पर पर टूट पड़े। टायर लीवर और हाथों से मारपीट शुरू कर दी गई। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी गई।

हमलावरों ने ट्रक के केबिन से चालक की खाकी शर्ट जिसमें Vivo मोबाइल (दो सिम सहित), पर्स (आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, ATM कार्ड, नकदी 1000 रुपये), और कृषक संगवारी समिति करजी अम्बिकापुर द्वारा एडवांस में दिए गए 39,000 रुपये सहित शर्ट को लेकर फरार हो गए।

ड्राइवर ने बदमाशों को रोकने की कोशिश में लोहे की हुक से कार के पीछे वार भी किया, लेकिन हमलावर कार से भाग निकले। रात के समय मदद के लिए कोई वाहन नहीं रुका। बाद में डायल 100 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी गई और किसी तरह थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई गई।

कोरबा के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नितीश ठाकुर ने बताया कि मामले में अपराध दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों की सघन तलाश शुरू कर दी गई है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पीड़ितों का कहना है कि वे हमलावरों को देखकर पहचान सकते हैं।

Share this Article
Home
Wtsp Group
Search