
कोरबा। वन विभाग द्वारा वन्य प्राणी संरक्षण सप्ताह के तहत जागरूकता कार्यक्रमों की श्रृंखला शुरू की गई है। इसी कड़ी में शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला कोरकोमा एवं खरमोरा में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए।

कार्यक्रम में वन अधिकारियों ने छात्रों को वन्यजीवों के महत्व, उनके संरक्षण की आवश्यकता और पर्यावरणीय संतुलन में उनकी भूमिका के बारे में विस्तार से जानकारी दी। छात्रों ने भी निबंध एवं चित्रकला प्रतियोगिता में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपनी रचनात्मकता के माध्यम से संरक्षण का संदेश दिया।

यह आयोजन कोरबा वन मंडलाधिकारी प्रेमलता यादव के निर्देशन, एसडीओपी आशीष खेलवार के मार्गदर्शन तथा कोरबा वन परिक्षेत्र अधिकारी मृत्युंजय शर्मा के नेतृत्व में संपन्न हुआ। अधिकारियों ने बताया कि संरक्षण सप्ताह के दौरान सेवा पर्व के रूप में अब तक पांच हजार से अधिक पौधों का रोपण किया जा चुका है।

वन विभाग की ओर से बताया गया कि सप्ताह भर विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों और ग्राम पंचायतों में जनजागरूकता कार्यक्रम, रैलियां और प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इन गतिविधियों का उद्देश्य लोगों में वन्यजीवों के प्रति संवेदनशीलता और पर्यावरण संरक्षण की भावना को प्रबल बनाना है।
