

कोरबा। जिले की पुलिस व्यवस्था में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने प्रशासनिक दृष्टिकोण से 8 पुलिस अधिकारियों की अस्थायी पदस्थापना के आदेश जारी किए हैं। आदेश के तहत सभी संबंधित अधिकारियों को तत्काल अपने नए पदस्थापना स्थल पर आमद देने के निर्देश दिए गए हैं।
जारी आदेश के मुताबिक निरीक्षक धर्मनारायण तिवारी को रक्षित केंद्र कोरबा से थाना प्रभारी दीपका बनाया गया है। वहीं निरीक्षक गणेश राम यादव को रक्षित केंद्र कोरबा से थाना प्रभारी करतला की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इसी तरह निरीक्षक लोकनाथ यादव को रक्षित केंद्र कोरबा से थाना प्रभारी लेमरू पदस्थ किया गया है। उप निरीक्षक प्रेमचंद साहू को थाना प्रभारी दीपका से हटाकर थाना प्रभारी कटघोरा बनाया गया है।
वहीं उप निरीक्षक सुमन लाल पोया को थाना प्रभारी लेमरू से हटाकर थाना कटघोरा भेजा गया है। सहायक उप निरीक्षक चन्द्रपाल खाण्डे को थाना प्रभारी करतला के पद से हटाकर थाना कटघोरा पदस्थ किया गया है।
आदेश के अनुसार सहायक उप निरीक्षक भानु प्रताप कुर्रे को थाना अजाक से थाना पाली भेजा गया है। वहीं सहायक उप निरीक्षक महिपाल सिंह के पूर्व स्थानांतरण आदेश में संशोधन करते हुए उन्हें थाना अजाक में पदस्थ किया गया है।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी आदेश में सभी अधिकारियों को तत्काल नई पदस्थापना स्थल पर आमद देने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस विभाग के इस फेरबदल को जिले में कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने तथा पुलिसिंग व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रशासनिक कदम माना जा रहा है।
देखें पूरी सूची—


