

कोरबा। स्वतंत्रता दिवस के दौरान राष्ट्रीय गीत के सम्मान और गरिमा के विपरीत आचरण किए जाने के आरोपों को लेकर भारतीय जनता पार्टी जिला कोरबा ने रविवार को कांग्रेस के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। भाजपा ने इसे राष्ट्रभावना और राष्ट्रीय प्रतीकों के सम्मान से जुड़ा गंभीर विषय बताते हुए कांग्रेस नेतृत्व के खिलाफ अपना आक्रोश जताया।

उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन, भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी, महापौर संजू देवी राजपूत, कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल एवं सह संभाग प्रभारी रायपुर डॉ. राजीव सिंह के नेतृत्व में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता टीपी नगर चौक पर एकत्रित हुए। यहां से कार्यकर्ताओं ने हाथों में तिरंगा लेकर पदयात्रा निकाली और राष्ट्रभक्ति के नारों के साथ जिला कांग्रेस कार्यालय की ओर कूच किया।

बारिश के बीच भी कार्यकर्ताओं का उत्साह कम नहीं हुआ। पदयात्रा के दौरान “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम्” के जयघोष से माहौल राष्ट्रभक्ति से सराबोर रहा। कांग्रेस कार्यालय पहुंचने के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने कार्यालय के सामने सामूहिक रूप से वंदे मातरम् का गायन किया और राष्ट्रीय गीत के सम्मान का संदेश दिया।
उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि राष्ट्रीय गीत, राष्ट्रध्वज और राष्ट्रगान देश की अस्मिता एवं गौरव के प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस जैसे पावन अवसर पर कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व द्वारा इनके प्रति की गई कथित असम्मानजनक गतिविधि को देशभक्त नागरिक स्वीकार नहीं कर सकते। उन्होंने कहा कि भाजपा का प्रदर्शन राजनीतिक द्वेष के लिए नहीं, बल्कि राष्ट्रसम्मान और राष्ट्रीय गौरव की रक्षा के संकल्प के रूप में किया गया है। उन्होंने कांग्रेस नेताओं से मामले में देशवासियों से माफी मांगने की मांग की।
भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी ने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों और वीर शहीदों के बलिदान से प्राप्त स्वतंत्रता के पर्व पर राष्ट्रगीत का सम्मान प्रत्येक भारतीय का दायित्व है। उन्होंने कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व के रवैये को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि राष्ट्रीय प्रतीकों और महापुरुषों के सम्मान से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।

प्रदर्शन के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रभक्ति एवं राष्ट्रीय एकता का संदेश देते हुए कांग्रेस नेतृत्व के कथित रवैये के खिलाफ विरोध दर्ज कराया। कार्यक्रम में भाजपा के जिला पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, मंडल पदाधिकारी, युवा मोर्चा सहित विभिन्न मोर्चों एवं प्रकोष्ठों के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

