बिजली सब-स्टेशन में झाड़ियां और सांप का डेरा, कर्मचारियों की सुरक्षा पर सवाल

Thevoicesnews
Thevoicesnews
3 Min Read

कोरबा। जिले के 33/11 केवी बिजली सब-स्टेशनों में काम करने वाले ठेका कर्मियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। बालको सब-स्टेशन में लाइन सुधारने पहुंचे कर्मचारियों के सामने उस समय खतरा पैदा हो गया, जब एक सांप बिजली के खंभे पर चढ़ गया। गनीमत रही कि समय रहते इसकी जानकारी हो गई और कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ।

बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले ही CSPDCL के अधीक्षण अभियंता राजकुमार सोनकर ने संबंधित ठेकेदार को पत्र जारी कर जिले के 33/11 केवी सब-स्टेशनों में नियमित साफ-सफाई कराने और ठेका कर्मियों को ESIC सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए थे। इसके बावजूद बालको सब-स्टेशन की सामने आई स्थिति ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

विभाग के अनुसार जिले में करीब 60 सब-स्टेशन हैं। इनकी साफ-सफाई का ग्लोबल टेंडर एक एजेंसी को दिया गया है और ठेकेदार को हर महीने सब-स्टेशनों की सफाई करनी होती है। हालांकि, बरसात के दौरान कुछ स्थानों पर पानी जमा होने सहित अन्य कारणों से सफाई प्रभावित होने की बात विभाग ने स्वीकार की है।

अधीक्षण अभियंता राजकुमार सोनकर ने बताया कि जिन स्थानों पर पानी जमा होने या अन्य कारणों से सफाई नहीं हो सकी है, वहां स्थिति सामान्य होने के बाद सफाई कराई जा रही है। इमरजेंसी वाले स्थानों पर प्राथमिकता के आधार पर काम कराया जा रहा है। बालको सब-स्टेशन में सांप मिलने की घटना भी विभाग के संज्ञान में है और वहां दो-तीन दिन के भीतर सफाई कराने की बात कही गई है।

हालांकि, सवाल यह है कि जब बिजली कर्मचारी जान जोखिम में डालकर लाइन सुधारने के लिए सब-स्टेशनों में पहुंचते हैं, तो उनकी सुरक्षा से जुड़ी नियमित साफ-सफाई व्यवस्था में देरी क्यों हो रही है? सांप जैसे जहरीले जीवों की मौजूदगी के बीच बिजली सुधार का काम करना कर्मचारियों के लिए कितना सुरक्षित है, यह भी चिंता का विषय है।

 

अब देखना होगा कि विभागीय निर्देशों के बाद संबंधित एजेंसी जिले के सभी 60 सब-स्टेशनों में साफ-सफाई और सुरक्षा व्यवस्था को कितनी गंभीरता से सुनिश्चित करती है।

Share this Article
Home
Wtsp Group
Search
📲 Share