उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन के मुख्य आतिथ्य में ₹26.17 करोड़ के दो उच्चस्तरीय पुल निर्माण कार्यों का शुभारंभ

Thevoicesnews
Thevoicesnews
4 Min Read

 दर्री बराज–बरमपुर मार्ग पर अहिरन नदी में ₹17.05 करोड़ और दर्री–सीएसईबी चौक के बीच बेलगिरी नाला पर ₹9.11 करोड़ की लागत से होगा पुल निर्माण

कोरबा। कोरबा विधानसभा क्षेत्र में आवागमन को सुगम बनाने और सड़क अधोसंरचना को मजबूत करने की दिशा में गुरुवार को उद्योग मंत्री  लखन लाल देवांगन के मुख्य आतिथ्य में कुल ₹26.17 करोड़ की लागत से दो उच्चस्तरीय पुल निर्माण कार्यों का शुभारंभ किया गया। दर्री बराज–बरमपुर मार्ग पर अहिरन नदी में ₹17.05 करोड़ तथा दर्री से सीएसईबी चौक के बीच कोहड़िया के समीप बेलगिरी नाला पर ₹9.11 करोड़ की लागत से पुल का निर्माण किया जाएगा।


कोहड़िया के समीप बेलगिरी नाला पर आयोजित शुभारंभ कार्यक्रम में उद्योग मंत्री  देवांगन ने कहा कि वर्तमान पुल के संकरे होने के कारण आवागमन में असुविधा के साथ दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती थी। इस समस्या को ध्यान में रखते हुए ₹9.11 करोड़ की लागत से उच्चस्तरीय पुल निर्माण की स्वीकृति प्राप्त हुई है, जिसका कार्य अब प्रारंभ हो रहा है।
उन्होंने कहा कि कोरबा विधानसभा क्षेत्र में मुख्य सड़कों के निर्माण, चौड़ीकरण तथा पुल-पुलियों के निर्माण कार्यों को गति देने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि आम नागरिकों को सुरक्षित, सुगम और सुविधाजनक आवागमन की सुविधा मिल सके।

अहिरन नदी पर बनेगा उच्चस्तरीय पुल, भारी वाहनों का दबाव होगा कम
इसी क्रम में दर्री बराज–बरमपुर मार्ग पर अहिरन नदी में ₹17.05 करोड़ की लागत से बनने वाले उच्चस्तरीय पुल निर्माण कार्य का भी शुभारंभ किया गया। बरमपुर में आयोजित कार्यक्रम में मंत्री श्री देवांगन ने बताया कि लगभग 85 करोड़ की लागत से बरमपुर मोड़ से दर्री बराज तक नई सड़क का निर्माण कार्य प्रारंभ हो चुका है। इसी मार्ग पर अहिरन नदी में उच्चस्तरीय पुल का निर्माण होने से सड़क संपर्क और आवागमन व्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
मंत्री श्री देवांगन ने बताया कि मेजर ध्यानचंद चौक से बजरंग चौक तक लगभग ₹30 करोड़ की लागत से सड़क निर्माण कार्य भी प्रारंभ हो चुका है। इन सड़क एवं पुल निर्माण कार्यों के पूर्ण होने से बरमपुर क्षेत्र से भारी वाहन दर्री के रास्ते कटघोरा तथा बालको रिंग रोड की ओर आवागमन कर सकेंगे। इससे शहर के भीतर भारी वाहनों का दबाव काफी हद तक कम करने में मदद मिलेगी।
उन्होंने कहा कि बेहतर सड़कें, मजबूत पुल और सुगम यातायात व्यवस्था कोरबा के विकास की महत्वपूर्ण जरूरत को ध्यान में रखकर कार्य कराई जा रहे हैं। इन अधोसंरचनात्मक कार्यों के पूर्ण होने से क्षेत्रवासियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और शहर की यातायात व्यवस्था को भी लाभ होगा।


शुभारंभ कार्यक्रम में एमआईसी सदस्य  नरेंद्र देवांगन, पार्षद  लक्ष्मण श्रीवास,  मुकुंद सिंह कंवर, एल्डरमैन  ईश्वर साहू, पार्षद  भानुमति जायसवाल,  रामाधर पटेल, मंडल अध्यक्ष  मनीष मिश्रा, माधव जायसवाल,  हीरु जायसवाल,  देवकी साहू,  भानु यादव,  ओमप्रकाश पटेल,  रामधन पांडे सहित अधिक संख्या में वार्ड वासी उपस्थित रहे।

Share this Article
Home
Wtsp Group
Search
📲 Share