कोरबा। आगामी दशहरा पर्व के मद्देनजर जिले में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए कोरबा पुलिस ने असामाजिक तत्वों और आदतन अपराधियों के विरुद्ध कार्रवाई तेज कर दी है। इसी क्रम में थाना कोतवाली पुलिस ने 7 लोगों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार किया। वहीं, लंबे समय से फरार चल रहे एक स्थायी वारंटी को भी गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की गई।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक कोरबा के निर्देश पर 18 अक्टूबर 2026 को थाना कोतवाली क्षेत्र में शांति भंग होने की आशंका को देखते हुए असामाजिक तत्वों, गुण्डा-बदमाशों एवं आदतन अपराधियों के विरुद्ध धारा 170 भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) के तहत कार्रवाई की गई। गिरफ्तार किए गए सातों आरोपियों को सिटी मजिस्ट्रेट न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
इन 7 आरोपियों पर हुई कार्रवाई
पुलिस के अनुसार, कार्रवाई की जद में शहबाज अली उर्फ बुट्टू उर्फ गोलू (तुलसी नगर), अनुराग कुमार खुटे (संजय नगर स्टेशन रोड), दीपक सोनवानी (इमलीडुग्गू), मोहन केवट (कुंजनगर, सीतामणी), विशाल दास (रानी रोड पुरानी बस्ती), छोटू यादव (कुंजनगर, मोतीसागर पारा) और सूरज दास महंत (संजय नगर स्टेशन रोड) शामिल हैं।
2019 के मामले में स्थायी वारंटी गिरफ्तार
इसी कार्रवाई के दौरान कोतवाली पुलिस ने लंबे समय से फरार स्थायी वारंटी सुखलाल यादव (48 वर्ष), निवासी रामसागर पारा, दलिया गोदाम हनुमान गली, को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक, उसके खिलाफ न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी, कोरबा के प्रकरण क्रमांक 83/2019 में परक्राम्य लिखत अधिनियम की धारा 138 के तहत मामला दर्ज है। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
त्योहारों में शांति बनाए रखने की अपील
कोरबा पुलिस ने आम नागरिकों से आगामी त्योहारों के दौरान शांति एवं सौहार्द बनाए रखने और कानून व्यवस्था कायम रखने में सहयोग करने की अपील की है। पुलिस ने कहा है कि हुड़दंग, मारपीट, शराब के नशे में गाली-गलौज अथवा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल नजदीकी थाना, चौकी या डायल-112 पर दें।
पुलिस का कहना है कि त्योहारों के दौरान शांति भंग करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।
