
कोरबा। करतला थाना क्षेत्र के कुदमुरा-कोसाबाड़ी के पास उरगा-हाटी मुख्य मार्ग पर शुक्रवार को हुए भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही क्षेत्र में सनसनी फैल गई, जबकि मृतकों के गांव चचिया में रथ यात्रा की खुशियां मातम में बदल गईं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतकों की पहचान राहुल टोप्पो और पोलेश कंवर, दोनों निवासी चचिया दर्रीपार, के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों युवक किसी काम से हाटी की ओर गए थे। लौटने के दौरान कुदमुरा-कोसाबाड़ी के निकट उनकी बाइक अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसा इतना भीषण था कि दोनों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। करतला थाना पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस हादसे के वास्तविक कारणों की जांच कर रही है।
बाइक के उड़ गए परखच्चे
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। वाहन के परखच्चे उड़ गए, जिससे हादसे की भयावहता का अंदाजा लगाया जा सकता है।
रथ यात्रा के उत्सव के बीच छाया मातम
चचिया गांव में भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा को लेकर उत्सव का माहौल था। ग्रामीण रथ यात्रा की तैयारियों में जुटे थे और ढोल-नगाड़ों के साथ आयोजन की तैयारियां चल रही थीं। इसी दौरान दोनों युवकों की मौत की खबर पहुंचते ही पूरे गांव में मातम छा गया। उत्सव का माहौल पल भर में गम में बदल गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा दुर्घटना के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।


