गरबा और डांडिया स्थलों में पुलिस की निगरानी,चौक चौराहों में भी अफसर व जवान तैनात,असामाजिक तत्वों पर गिरेगी कार्रवाई की गाज..

Thevoicesnews
Thevoicesnews
2 Min Read

कोरबा। जिले में नवरात्र के अवसर पर गरबा और डांडिया की धूम मची हुई है। इस दौरान असामाजिक तत्व उत्पात मचा सकते हैं। जिसे देखते हुए पुलिस की निगरानी बढ़ाई गई है । शहर के मुख्य चौक चौराहों में बल तैनात किए गए हैं, ताकि गड़बड़ी की सूचना पर त्वरित कार्रवाई की जा सके।

जिला पुलिस अधीक्षक जितेंद्र शुक्ला ने विधान सभा चुनाव व त्यौहारी सीजन के मद्देनजर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने निर्देश जारी किए हैं। उनके निर्देश पर तमाम थाना चौकी प्रभारियों ने अपने-अपने क्षेत्र में पेट्रोलिंग बढ़ा दी है । वाहनों की जांच की जा रही है। नवरात्र के के छठवें दिन अधिकांश पंडालों में मां दुर्गा की प्रतिमा विराजित हो गई है। दुर्गा उत्सव समितियों द्वारा गरबा और डांडिया का आयोजन किया जा रहा है। जिसमें हिस्सा लेने हर वर्ग के लोग भारी संख्या में पहुंच रहे हैं । इसका फायदा असामाजिक तत्व उठा सकते हैं। उनके द्वारा चोरी, नकबजनी, उठाईगिरी जैसी घटनाओं को अंजाम दिया जा सकता है। जिसे देखते हुए गरबा व डांडिया स्थलों पर पुलिस निगाह रख रही है। यदि शहर की बात करें तो आरपी नगर फेस 1, एमपी नगर, टीपी नगर, कोसाबाड़ी सहित कई ऐसे स्थान है जहां गरबा व डांडिया की धूम मची हुई है. इन स्थानों में भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के खास इंतजाम किए गए हैं। जहां सिविल लाइन थाना प्रभारी मृत्युंजय पांडे के नेतृत्व में पुलिस की टीम निगरानी कर रही है, वहीं शहर के भीतरी हिस्से में नगर कोतवाल रूपक शर्मा और उनकी टीम सुरक्षा व्यवस्था को संभालने में लगी है। खास बात तो यह है कि शहर के विभिन्न चौक चौराहों में पुलिस बल तैनात किए गए हैं। पुलिस की टीम लापरवाह वाहन चालकों पर कार्रवाई तो कर रही है, साथ ही शरारती तत्वों पर भी पैनी नजर रखी हुई है । किसी भी तरह की गड़बड़ी की सूचना मिलने पर पुलिस त्वरित कार्यवाही करेगी।

Share this Article
Home
Wtsp Group
Search
📲 Share