बैंड-बाजा, नारियल और ज्ञापन… बालको प्रबंधन के खिलाफ भाजयुमो का अनोखा प्रदर्शन

Thevoicesnews
Thevoicesnews
2 Min Read

कोरबा में बालको प्रबंधन के खिलाफ स्थानीय युवाओं का गुस्सा अब खुलकर सामने आ गया है। भारतीय जनता युवा मोर्चा ने सोमवार को अनोखे अंदाज में बैंड-बाजे, नारियल और ज्ञापन के साथ बालको प्रबंधन का घेराव किया।

प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि दो दिनों के भीतर उनकी चार सूत्रीय मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो उग्र आंदोलन किया जाएगा। भाजयुमो बालको नगर मंडल अध्यक्ष अश्वनी चंद्रा ने बताया कि बालको स्मेल्टर विस्तार परियोजना के तहत 1050 स्थानीय युवाओं की सीधी भर्ती की जाए।

उनका कहना है कि वर्षों से बालको नगर और आसपास के ग्रामीण पर्यावरणीय और सामाजिक प्रभाव झेल रहे हैं, इसलिए रोजगार पर पहला हक स्थानीय युवाओं का होना चाहिए। दूसरी बड़ी मांग चेकपोस्ट से बेलगरी बस्ती के बीच संचालित अवैध बैचिंग प्लांट को तत्काल हटाने की उठाई गई। आरोप है कि प्लांट के कारण सड़क पर लगातार दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है।

तीसरी मांग परसाभाठा से अमरसिंह होटल होते हुए बालको जाने वाले मुख्य मार्ग को आम जनता के लिए खोलने की है। भाजयुमो का आरोप है कि जनसुविधा वाले इस मार्ग को बिना वैकल्पिक व्यवस्था के बंद कर दिया गया है, जिससे लोगों को भारी परेशानी हो रही है। इसके साथ ही स्थानीय हितों और जनसुविधाओं से जुड़े अन्य मुद्दों पर भी तत्काल कार्रवाई की मांग की गई।

प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ता बैंड-बाजे के साथ बालको प्रबंधन कार्यालय पहुंचे, नारियल भेंट कर और ज्ञापन सौंपकर अपना विरोध दर्ज कराया। बालको प्रबंधन ने मांगों पर विचार के लिए दो दिन का समय मांगा है। हालांकि भाजयुमो ने साफ कर दिया है कि यदि तय समय सीमा में मांगें पूरी नहीं हुईं तो बालको प्रबंधन के खिलाफ बड़ा और उग्र जनआंदोलन शुरू किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रबंधन की होगी।

 

Share this Article
Home
Wtsp Group
Search
📲 Share