घर लौट रही युवती के गले पर चाकू से हमला , एकतरफा प्यार का खूनी अंजाम ? WhatsApp पर करता था मैसेज , दोस्तों संग दिया वारदात को अंजाम

Thevoicesnews
Thevoicesnews
3 Min Read

कोरबा। जिले में एक बार फिर सनसनीखेज चाकूबाजी की घटना सामने आई है , जहां घर लौट रही एक युवती पर बाइक सवार युवकों ने जानलेवा हमला कर दिया। घटना भारतमाला सड़क पर जुनवानी के पास की है , जहां 5 आरोपियों ने मिलकर युवती के गले पर चाकू से वार किया और मौके से फरार हो गए।

घायल युवती की पहचान दिव्या कंवर , निवासी भैसमा के रूप में हुई है , जिसे गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। युवती की हालत इतनी नाजुक है कि वह बोल नहीं पा रही है , लेकिन उसने लिखकर आरोपियों के नाम बताए हैं , जिससे पुलिस को अहम सुराग मिले हैं।

WhatsApp मैसेज से शुरू हुआ था मामला

प्राथमिक जांच में सामने आया है कि आरोपी युवती को पहले से जानता था और उसे WhatsApp पर लगातार मैसेज किया करता था। युवती द्वारा ध्यान नहीं देने और बातचीत से इनकार करने पर आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया।

बाइक सवार 5 युवकों ने घेरकर किया हमला

जानकारी के अनुसार , युवती अपने घर की ओर जा रही थी , तभी रास्ते में बाइक सवार 5 युवकों ने उसे घेर लिया और अचानक हमला कर दिया। आरोपियों ने सीधे उसके गले पर चाकू से वार किया , जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर वहीं गिर पड़ी।

लिखकर बताए आरोपियों के नाम

घायल अवस्था में भी युवती ने हिम्मत दिखाई और कागज पर आरोपियों के नाम लिखे। पुलिस के अनुसार इस मामले में सुनील , लक्की और नरसिंह (निवासी सरईपाली , सोहागपुर) सहित अन्य आरोपियों की संलिप्तता सामने आई है।

मृत्यु पूर्व बयान दर्ज , जांच तेज

मामले की गंभीरता को देखते हुए तहसीलदार द्वारा युवती का मृत्यु पूर्व बयान दर्ज किया गया है। घटना की सूचना मिलते ही कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।

हत्या के प्रयास का मामला दर्ज

उरगा थाना पुलिस ने हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है। पुलिस लगातार दबिश दे रही है और जल्द गिरफ्तारी का दावा कर रही है।

इलाके में दहशत , सुरक्षा पर सवाल

भैसमा-जुनवानी क्षेत्र में दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने इलाके में दहशत का माहौल बना दिया है। स्थानीय लोगों ने इस घटना को लेकर नाराजगी जताते हुए महिलाओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।

फिलहाल युवती का इलाज जारी है और डॉक्टर उसकी हालत पर नजर बनाए हुए हैं। वहीं पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

Share this Article
Home
Wtsp Group
Search
📲 Share