कोरबा पुलिस की पहल: बैंक कैश वैन चालकों और सुरक्षा गार्डों को सुरक्षा के दिए गए विशेष निर्देश

Thevoicesnews
Thevoicesnews
2 Min Read

कोरबा जिले में अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण और जनसुरक्षा को मजबूत बनाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत कोरबा पुलिस ने बैंक कैश वैन चालकों एवं सुरक्षा गार्डों के लिए जागरूकता बैठक आयोजित की। पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय में बैठक लेकर कैश परिवहन के दौरान बरती जाने वाली सुरक्षा सावधानियों की जानकारी दी।

बैठक में एएसपी लखन पटले ने कहा कि बैंक कैश वैन की सुरक्षा अत्यंत संवेदनशील जिम्मेदारी है। कैश परिवहन के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही गंभीर वारदात का कारण बन सकती है। उन्होंने सभी चालकों और सुरक्षा गार्डों को पूरी सतर्कता, अनुशासन और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने की समझाइश दी।

बैठक के दौरान कैश परिवहन के लिए निर्धारित स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर (SOP) का पालन करने, निर्धारित मार्ग और समय का उपयोग करने, बिना आवश्यकता वाहन न रोकने, कैश लोडिंग-अनलोडिंग के समय विशेष सावधानी बरतने तथा संदिग्ध व्यक्ति, वाहन या गतिविधि दिखाई देने पर तत्काल डायल-112, कंट्रोल रूम या नजदीकी थाना पुलिस को सूचना देने के निर्देश दिए गए।

इसके अलावा सुरक्षा गार्डों को ड्यूटी के दौरान सुरक्षा उपकरण एवं संचार माध्यम हमेशा सक्रिय रखने, हथियारों को तैयार अवस्था में रखने तथा कैश वैन से जुड़ी गोपनीय जानकारी किसी भी अनधिकृत व्यक्ति से साझा नहीं करने की हिदायत दी गई।

कोरबा पुलिस ने कहा कि “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत अपराध नियंत्रण, जनजागरूकता और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए जिलेभर में लगातार अभियान और जागरूकता कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं।

Share this Article
Home
Wtsp Group
Search
📲 Share