कोरबा में शराब माफियाओं पर आबकारी का बड़ा प्रहार! 10 दिन में 61 केस, 11 आरोपी जेल

Thevoicesnews
Thevoicesnews
2 Min Read

178 लीटर महुआ शराब और 325 किलो लाहन जब्त, 11 आरोपी भेजे गए जेल

कोरबा। जिले में अवैध शराब के कारोबार पर शिकंजा कसते हुए आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर कुणाल दुदावत के निर्देश पर चलाए गए विशेष अभियान के तहत महज 10 दिनों में अवैध शराब से जुड़े 61 आपराधिक प्रकरण दर्ज किए गए हैं।

कार्रवाई के दौरान आबकारी विभाग की टीमों ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर 178 लीटर महुआ शराब और 325 किलो लाहन जब्त किया। वहीं गंभीर मामलों में 11 आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत गैर-जमानती अपराध दर्ज किया गया। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

कई इलाकों में एक साथ दबिश

आबकारी विभाग की अलग-अलग टीमों ने जिले के नगोई, लाफा, अंडीकछार, सुतर्रा, मानपुर, कुदरीखार, बांधपारा-जुनवानी, भैसमाखार और रलिया सहित कई क्षेत्रों में कार्रवाई की। कुछ मामलों में विभाग की टीमों ने छद्म ग्राहक भेजकर अवैध शराब के कारोबार का पता लगाया और आरोपियों को रंगे हाथों पकड़ा।

5 लीटर से ज्यादा अवैध शराब पर गैर-जमानती अपराध

विभाग के मुताबिक छत्तीसगढ़ में 5 लीटर से अधिक अवैध शराब का कब्जा, निर्माण, बिक्री या परिवहन करना गैर-जमानती अपराध की श्रेणी में आता है। आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के निर्माण और बिक्री के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

इस कार्रवाई से अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है। विभाग ने आम लोगों से भी अवैध शराब की गतिविधियों की सूचना संबंधित विभाग को देने की अपील की है।

Share this Article
Home
Wtsp Group
Search
📲 Share