ड्राइवर और आसपास खेल रहे बच्चे बाल-बाल बचे, मौके पर नगर निगम का कोई जिम्मेदार अधिकारी मौजूद नहीं होने पर उठे सवाल
कोरबा। शहर के घंटाघर स्थित ओपन थिएटर मैदान में 100 फीट ऊंचे हाईमास्ट लाइट पोल को शिफ्ट करने के दौरान बड़ा हादसा होते-होते टल गया। पोल को शिफ्ट करने के काम में लगा हाइड्रा अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। घटना के दौरान ड्राइवर की जान खतरे में पड़ गई, वहीं आसपास खेल रहे बच्चे भी बाल-बाल बच गए।
घटना के बाद मौके पर सुरक्षा व्यवस्था और कार्य के दौरान बरती जा रही सावधानियों को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। जिस स्थान पर भारी मशीनरी की मदद से 100 फीट ऊंचे पोल को शिफ्ट करने का काम किया जा रहा था, उसके आसपास बच्चों की मौजूदगी ने खतरे को और बढ़ा दिया था। गनीमत रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की जानकारी सामने नहीं आई है।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि इतने जोखिम भरे कार्य के दौरान सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए गए थे या नहीं? क्या काम शुरू करने से पहले आसपास के क्षेत्र को सुरक्षित किया गया था? स्थानीय स्तर पर यह भी सवाल उठ रहा है कि मौके पर नगर निगम का कोई जिम्मेदार अधिकारी मौजूद क्यों नहीं था।
अब सवाल नगर निगम की कार्यप्रणाली पर है। क्या जिम्मेदार अधिकारी इस घटना का संज्ञान लेकर जांच कराएंगे? भारी मशीनों से होने वाले कार्यों में सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित किया जाएगा या फिर किसी बड़े हादसे का इंतजार किया जाएगा?
फिलहाल, घटना ने सार्वजनिक स्थलों पर चल रहे निर्माण एवं शिफ्टिंग कार्यों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

