
कोरबा कोरबा जिले के रजगामार क्षेत्र में सात वर्षीय मासूम बच्ची की हत्या के मामले में भाजपा नेत्री कविता सोनी के कथित अमर्यादित बयान को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। अब जिला अधिवक्ता संघ की महिला उपाध्यक्ष अधिवक्ता उर्मिला भगत ने इस मामले में पुलिस अधीक्षक कोरबा से शिकायत कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

शिकायत पत्र के अनुसार, 25 अक्टूबर 2026 को कोरबा के टीपी नगर चौक में कैंडल मार्च के दौरान कविता सोनी द्वारा मीडिया कैमरे के सामने मृत बच्ची के निजी अंगों को लेकर कथित रूप से अमर्यादित शब्दों का प्रयोग किए जाने पर आपत्ति जताई गई है। शिकायतकर्ता ने इसे मृत बच्ची की गरिमा के विरुद्ध बताते हुए कहा कि इस तरह की भाषा से पीड़ित परिवार को दोबारा मानसिक आघात पहुंच सकता है।
अधिवक्ता उर्मिला भगत ने अपनी शिकायत में कहा है कि एक मृत नाबालिग बच्ची के संबंध में इस प्रकार की टिप्पणी समाज में महिलाओं के प्रति गलत सोच को दर्शाती है और न्याय की लड़ाई को कमजोर करती है। उन्होंने संबंधित वीडियो के विवादित अंश को तत्काल हटाने तथा बयान देने वाली भाजपा नेत्री से सार्वजनिक माफी की मांग की है।
शिकायत में भविष्य में बाल अपराधों के विरोध में आयोजित कार्यक्रमों के दौरान भाषा की मर्यादा बनाए रखने के लिए एडवाइजरी जारी करने की मांग भी की गई है।
अब पुलिस कार्रवाई पर नजर
मासूम बच्ची हत्याकांड पहले से ही क्षेत्र में आक्रोश का विषय बना हुआ है। ऐसे में भाजपा नेत्री के कथित बयान को लेकर शिकायत सामने आने के बाद मामला और चर्चा में आ गया है। अब देखना होगा कि पुलिस अधीक्षक कार्यालय की ओर से इस शिकायत पर क्या कदम उठाया जाता है।
