लड्डुओं से तौले गए मंत्री लखनलाल देवांगन, उमेश यादव ने किया अभिनव आयोजन

Thevoicesnews
Thevoicesnews
3 Min Read

कोरबा – छत्तीसगढ़ के श्रम और उद्योग मंत्री एवं कोरबा विधायक लखनलाल देवांगन का जन्मदिन इस बार कुछ अलग और खास अंदाज में मनाया गया। जहां एक ओर पूरे जिले भर में उनके समर्थकों और कार्यकर्ताओं द्वारा विविध आयोजन कर उन्हें बधाइयाँ दी गईं, वहीं भारतीय जनता युवा मोर्चा के पूर्व मंडल उपाध्यक्ष उमेश यादव ने घंटाघर चौक पर एक विशेष आयोजन कर सबका ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया।

इस आयोजन की खास बात यह रही कि मंत्री लखनलाल देवांगन को लड्डुओं से तौला गया। जैसे ही कार्यक्रम की शुरुआत हुई, पूरे माहौल में उत्सव का रंग चढ़ गया। ढोल-नगाड़ों और नारों के बीच जब मंत्री देवांगन कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे तो उनका भव्य स्वागत हुआ। इसके बाद पारंपरिक विधि से उन्हें लड्डुओं से तौला गया, जो स्थानीय स्तर पर किसी सम्मान की परंपरागत और प्रभावशाली विधि मानी जाती है। उपस्थित जनसमूह ने इस आयोजन की खूब सराहना की।

इस अवसर पर उमेश यादव ने कहा कि मंत्री लखनलाल देवांगन न केवल एक कर्मठ जनप्रतिनिधि हैं, बल्कि एक सरल, सहज और जनप्रिय नेता भी हैं। उनके नेतृत्व में कोरबा विधानसभा क्षेत्र में विकास की नई धारा बह रही है। उनका जन्मदिन हर उस कार्यकर्ता के लिए एक प्रेरणा का दिन है, जो संगठन के साथ मिलकर समाज की सेवा करना चाहता है।

कार्यक्रम में मौजूद युवा कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने मंत्री के दीर्घायु और स्वस्थ जीवन की कामना करते हुए कहा कि उनकी योजनाएं और नीतियां युवाओं को नई दिशा देने का काम कर रही हैं। आज कोरबा ही नहीं, पूरे छत्तीसगढ़ में श्री देवांगन के कार्यों की सराहना हो रही है।

मंत्री लखनलाल देवांगन ने इस सम्मान और स्नेह के लिए उमेश यादव सहित सभी युवाओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं का यह प्रेम ही उन्हें आगे बढ़कर जनसेवा के लिए प्रेरित करता है। मंत्री ने यह भी वादा किया कि कोरबा के विकास और युवाओं के सशक्तिकरण के लिए वह लगातार प्रयास करते रहेंगे।

इस आयोजन में बड़ी संख्या में युवा कार्यकर्ता, भाजपा समर्थक और स्थानीय नागरिक उपस्थित थे। कार्यक्रम के अंत में सभी को लड्डू और प्रसाद वितरण किया गया। समूचा माहौल एक जनउत्सव की तरह नजर आया, जिसमें नेता और जनता के बीच आत्मीय संबंध की झलक स्पष्ट रूप से देखी जा सकती थी।

Share this Article
Home
Wtsp Group
Search
📲 Share