*पंप हाउस झोपड़ीपारा बस्ती में दिल दहला देने वाली घटना, 17 वर्षीय युवक ने की आत्महत्या — माँ का रो-रोकर बुरा हाल*

Thevoicesnews
Thevoicesnews
2 Min Read

कोरबा। शहर के पंप हाउस कॉलोनी इलाके में गुरुवार शाम एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहाँ 17 वर्षीय युवक शुभम साहू ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। शुभम अपने परिवार का बड़ा बेटा था और डॉग लवर के रूप में उसकी अलग पहचान थी। वह एक पेट्स शॉप में काम करता था और साथ ही दूसरे काम भी तलाश कर रहा था ताकि घर का आर्थिक बोझ हल्का कर सके। उसकी असमय मौत से पूरे मोहल्ले में शोक की लहर है।

मृतक के पिता नितेश कुमार साहू ने बताया कि दोपहर में शुभम ने उससे खाना खाने को लेकर मोबाइल पर बात की थी। उस समय वह सामान्य व्यवहार कर रहा था। इसके बाद करीब साढ़े 4 बजे घर से कॉल आया कि जल्दी आओ। जब पिता घर पहुंचे और कमरे का दरवाजा तोड़ा तो देखा कि शुभम फांसी के फंदे पर झूल रहा था। उस वक्त घर में कोई मौजूद नहीं था और कमरा अंदर से बंद था।

घटना के बाद शुभम की मां का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया जा रहा है कि बेटे का शव देखकर वह बेसुध हो गईं और आत्महत्या का प्रयास करने लगीं। मोहल्ले के लोगों ने समय रहते उन्हें संभाला और ढांढस बंधाया। घटना की जानकारी मिलते ही सीएसईबी पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

फिलहाल शुभम की आत्महत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस मोबाइल, कॉल डिटेल और सोशल मीडिया की भी जांच कर रही है। मृतक के दोस्तों और परिजनों से पूछताछ की जा रही है। मोहल्ले वालों का कहना है कि शुभम मेहनती और हंसमुख लड़का था। उसकी किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी।

पूरे इलाके में इस घटना को लेकर मातम पसरा हुआ है।

Share this Article
Home
Wtsp Group
Search
📲 Share