*कोरबा ग्रीन ज़ोन में बिना अनुमति बन रहा था भवन, खबर के बाद हरकत में आया प्रशासन, SDM के निर्देश पर निर्माण कार्य रोका गया*

Thevoicesnews
Thevoicesnews
2 Min Read

कोरबा शहर के मध्य स्थित हेलीपैड के पास ग्रीन ज़ोन क्षेत्र में बिना अनुमति निर्माण कार्य किए जाने का मामला प्रकाश में आने के बाद प्रशासन हरकत में आ गया। मीडिया में खबर प्रकाशित होने के बाद एसडीएम के निर्देश पर पटवारी और राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुँची और अवैध निर्माण को तत्काल प्रभाव से रुकवाया गया।

जानकारी के अनुसार, हेलीपैड के पास का यह क्षेत्र कोरबा शहर का एकमात्र प्रमुख ग्रीन ज़ोन क्षेत्र है, जिसे पर्यावरणीय दृष्टि से बेहद संवेदनशील और भविष्य की पीढ़ियों के लिए संरक्षित माना गया है। बावजूद इसके, कुछ लोगों द्वारा इस जमीन पर बिना किसी वैधानिक अनुमति के भवन निर्माण का कार्य शुरू कर दिया गया था।

स्थानीय लोगों द्वारा लगातार विरोध और मीडिया में खबर सामने आने के बाद प्रशासन ने संज्ञान लेते हुए कार्रवाई की। राजस्व विभाग, नगर निगम के अधिकारी, पटवारी और पटेल समाज के प्रमुख सदस्य मौके पर पहुंचे और निर्माण कार्य को रोक दिया गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मौके पर पहले से ही निर्माण सामग्री मौजूद थी और बीम खड़ा कर नींव तैयार की जा रही थी। यह स्पष्ट रूप से बिना नक्शा पास कराए और बिना अनुमति के किया जा रहा निर्माण था।

स्थानीय समाजसेवियों और नागरिकों का कहना है कि यह ग्रीन ज़ोन शहर का फेफड़ा है और इसे बचाना आने वाले समय के लिए बेहद जरूरी है। उन्होंने मांग की है कि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए सख्त निगरानी और जिम्मेदार अफसरों की जवाबदेही तय की जाए।

Share this Article
Home
Wtsp Group
Search
📲 Share