कोरबा। बिलासपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक (IG) रामगोपाल गर्ग मंगलवार देर शाम अचानक कोरबा प्रवास पर पहुंचे। आईजी के आगमन के साथ ही पुलिस महकमे में हलचल तेज हो गई। उन्होंने पुलिस अधीक्षक कार्यालय में जिले के आला अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की और कोरबा की वर्तमान पुलिसिंग व्यवस्था की समीक्षा की।

कलेक्टर और एसपी के साथ हुई चर्चा
इस उच्च स्तरीय बैठक में कोरबा कलेक्टर कुणाल दुदावत, पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले और सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी मुख्य रूप से मौजूद रहे। बैठक के दौरान आईजी ने जिले की कानून व्यवस्था, लंबित अपराधों और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विस्तृत चर्चा की।

ट्रैफिक व्यवस्था पर विशेष फोकस
मीडिया से बातचीत करते हुए आईजी रामगोपाल गर्ग ने बताया कि यह उनका नियमित भ्रमण था, जिसमें उन्होंने जिले के कुछ महत्वपूर्ण मामलों पर फीडबैक लिया। उन्होंने विशेष रूप से कोरबा की जटिल यातायात (ट्रैफिक) समस्या पर चिंता जताई। आईजी ने कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक को सख्त निर्देश दिए हैं कि शहर की यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए ठोस कार्ययोजना बनाई जाए ताकि आम जनता को राहत मिल सके।
बेहतरीन पुलिसिंग का मंत्र
आईजी ने अधिकारियों को स्पष्ट शब्दों में ‘बेहतरीन पुलिसिंग’ के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस का व्यवहार जनता के प्रति संवेदनशील और अपराधियों के प्रति सख्त होना चाहिए। लंबित मामलों के त्वरित निराकरण और अपराध नियंत्रण पर जोर देते हुए उन्होंने अधिकारियों को फील्ड पर मुस्तैद रहने को कहा है।
