कोरबा। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) के ‘संगठन सृजन अभियान’ के तहत कोरबा जिला कांग्रेस कार्यालय (टी.पी. नगर) में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में एआईसीसी सचिव एवं प्रदेश सह-प्रभारी सुश्री जरिता लैतफ्लांग ने स्पष्ट किया कि संगठन की मजबूती केवल कागजों पर नहीं, बल्कि जमीनी स्तर पर दिखनी चाहिए। उन्होंने कार्यकर्ताओं को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि बूथ कमेटियों का गठन पूरी निष्ठा से हो, कहीं ऐसा न हो कि धरातल पर काम करने वालों के बजाय वहां ‘भूत’ (फर्जी) कमेटी बन जाए।

प्रमुख बिंदु: संगठन सृजन और बीएलए की नियुक्ति
बैठक को संबोधित करते हुए जरिता लैतफ्लांग ने संगठनात्मक ढांचे को जल्द पूर्ण करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा:
- ब्लॉक, मंडल, वार्ड और बूथ कमेटी का गठन करना पदाधिकारियों की जिम्मेदारी है।
- सभी प्रमुख पदाधिकारी (विधायक, पूर्व विधायक, जिला/ब्लॉक अध्यक्ष) अनिवार्य रूप से अपने निवास वाले बूथ में बीएलए (BLA) नियुक्त होंगे।
- नेताओं को केवल निर्देश देने के बजाय खुद बूथ तक जाना होगा।

कोरबा में अब होंगे 5 ब्लॉक: पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल का प्रस्ताव
पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने बैठक में संगठन विस्तार का खाका पेश किया। उन्होंने बताया कि वर्तमान में कोरबा विधानसभा के अंतर्गत चार ब्लॉक (दर्री-जमनीपाली, बालको, कुसमुंडा और कोरबा) कार्यरत हैं।
- कार्य की अधिकता और संगठन को सुदृढ़ बनाने के लिए उन्होंने कोरबा ब्लॉक कमेटी को दो भागों में विभाजित करने का प्रस्ताव रखा।
- इस प्रस्ताव के बाद अब कुल 5 ब्लॉक कमेटियों के गठन पर सर्वसम्मति बनी।
- उन्होंने आह्वान किया कि कांग्रेस की विचारधारा के प्रति समर्पित उन लोगों को आगे लाएं, जिन्हें अब तक मौका नहीं मिला है।
मतदान केंद्रों की बढ़ी संख्या और नई जिम्मेदारियां
कोरबा कांग्रेस प्रभारी विजय केशरवानी ने तकनीकी बदलावों की जानकारी देते हुए बताया कि कोरबा विधानसभा में मतदान केंद्रों की संख्या 244 से बढ़कर 299 हो गई है। उन्होंने निर्देश दिया कि:
- प्रत्येक बूथ पर दो सक्रिय कार्यकर्ताओं को बीएलए नियुक्त किया जाए।
- जिलाध्यक्ष जल्द ब्लॉकवार प्रभारी और ब्लॉक अध्यक्ष मंडलवार प्रभारी नियुक्त करें।
- ऐसे प्रतिबद्ध लोगों को प्राथमिकता दें जो हर परिस्थिति में पार्टी के साथ खड़े रहे हैं।
वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी
बैठक में पूर्व महापौर राजकिशोर प्रसाद, जिलाध्यक्ष मुकेश राठौर, पीसीसी सचिव विकास सिंह सहित भारी संख्या में पार्षद, ब्लॉक अध्यक्ष और मंडल अध्यक्ष उपस्थित थे। सभी ने संगठन को धार देने के लिए अपने महत्वपूर्ण सुझाव दिए। कार्यक्रम का संचालन श्याम सुंदर सोनी ने किया और आभार प्रदर्शन पूर्व अध्यक्ष नत्थूलाल यादव द्वारा किया गया।

