
कोरबा। शहर एक बार फिर भक्ति, आस्था और सांस्कृतिक उत्साह के रंग में रंगने जा रहा है। आगामी 28 मार्च से 1 अप्रैल 2026 तक आयोजित होने जा रही दिव्य हनुमंत कथा को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं। इस भव्य आयोजन की रूपरेखा साझा करने के लिए गुरुवार को कोरबा प्रेस क्लब में एक महत्वपूर्ण प्रेस वार्ता आयोजित की गई, जिसमें आयोजन समिति के पदाधिकारियों ने कार्यक्रम को ऐतिहासिक बताया।

प्रेस वार्ता में बताया गया कि कथा का आयोजन ग्राम ढप-ढप (बांकीमोंगरा–कटघोरा मार्ग) में किया जाएगा, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। आयोजकों के अनुसार यह आयोजन धार्मिक आस्था के साथ-साथ सामाजिक एकता और सेवा भावना का भी संदेश देगा।

कार्यक्रम की भव्य शुरुआत 27 मार्च को होगी, जब ढेलवाडीह मरही माता मंदिर से कथा स्थल तक 21,000 माताओं-बहनों की विशाल कलश यात्रा निकाली जाएगी। यह यात्रा पूरे आयोजन की आध्यात्मिक भव्यता का प्रतीक होगी।

28 मार्च को कथा के मुख्य प्रवचनकर्ता पंडित धीरेंद्र शास्त्री का आगमन एवं स्वागत किया जाएगा। इसी दिन पांच दिवसीय विशाल रक्तदान शिविर का शुभारंभ भी किया जाएगा। आयोजन समिति ने बताया कि कथा के साथ-साथ समाजसेवा से जुड़े कई कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।

29 मार्च को आश्रम के नवीन भवन निर्माण के लिए संकल्प लिया जाएगा, जबकि 30 मार्च को दिव्य दरबार का आयोजन होगा। 31 मार्च को बजरंग दल द्वारा त्रिशूल दीक्षा संकल्प एवं घर वापसी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
आयोजन का एक प्रमुख आकर्षण 1 अप्रैल को 108 निर्धन एवं दिव्यांग कन्याओं का सामूहिक विवाह होगा। आयोजकों के अनुसार यह कार्यक्रम सामाजिक जिम्मेदारी और सेवा का एक बड़ा उदाहरण बनेगा, जिसमें जरूरतमंद परिवारों की बेटियों का विवाह पूरे विधि-विधान के साथ कराया जाएगा।

आयोजन समिति ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए कार्यक्रम स्थल पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं। यातायात, पेयजल, पार्किंग, सुरक्षा एवं स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर विशेष तैयारी की जा रही है।

प्रेस वार्ता में मौजूद पदाधिकारियों ने शहरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की। उन्होंने कहा कि यह आयोजन केवल धार्मिक नहीं, बल्कि सामाजिक चेतना और सेवा का भी एक बड़ा माध्यम है।

इस दौरान आयोजन समिति के मुख्य संरक्षक जुड़ावन सिंह ठाकुर, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह, विश्व हिंदू परिषद के जिला अध्यक्ष अमरजीत सिंह, संरक्षक सुबोध सिंह एवं अपना घर सेवा आश्रम कोरबा के प्रमुख राणा मुखर्जी उपस्थित रहे।
आने वाले दिनों में कोरबा की फिजा भक्ति और सेवा के रंग में रंगी नजर आएगी, जहां आस्था के साथ मानवता का भी अद्भुत संगम देखने को मिलेगा।
