*कोरबा में अनोखी चोरी : दुकानों से नकदी-सामान छोड़ सिर्फ गैस सिलेंडर ले उड़े चोर, व्यापारियों के सामने संकट*

Thevoicesnews
Thevoicesnews
4 Min Read
WhatsApp Image 2025-07-20 at 10.53.01_42bc2085
WhatsApp Image 2025-07-20 at 10.53.04_54eddaa3
WhatsApp Image 2025-07-20 at 10.53.03_12ad33f5

कोरबा। शहर में चोरी की एक अजीब और चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां चोरों ने दुकानों से नकदी और अन्य सामान को हाथ तक नहीं लगाया, बल्कि सिर्फ गैस सिलेंडर चोरी कर फरार हो गए। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के गढ़कलेवा चौपाटी में हुई इस वारदात ने व्यापारियों को चिंता में डाल दिया है, क्योंकि सिलेंडर चोरी होने से उनके रोजमर्रा के कामकाज पर सीधा असर पड़ा है।
मिली जानकारी के अनुसार, गढ़कलेवा चौपाटी स्थित मनोज फास्टफूड और जगदीश एगरोल दुकान को चोरों ने निशाना बनाया। देर रात अज्ञात चोर दोनों दुकानों में घुसे और वहां रखे गैस सिलेंडर लेकर फरार हो गए। हैरानी की बात यह रही कि दुकानों में रखे पैसे और अन्य सामान को चोरों ने छुआ तक नहीं, जिससे यह साफ हो रहा है कि उनका निशाना सिर्फ गैस सिलेंडर ही था।


व्यापारियों के अनुसार, उनके पास कामकाज के लिए केवल एक-एक सिलेंडर ही था, जिसे चोर उठा ले गए। ऐसे में अब उनके सामने दुकान बंद करने की नौबत आ गई है। बिना गैस सिलेंडर के फास्टफूड और एगरोल जैसे खाद्य व्यवसाय चलाना संभव नहीं है।
दुकानदारों ने बताया कि नए गैस सिलेंडर की व्यवस्था करना भी फिलहाल आसान नहीं है। एजेंसी में तुरंत सिलेंडर उपलब्ध नहीं हो पा रहा है, जिससे उनकी परेशानी और बढ़ गई है। रोज कमाने-खाने वाले इन छोटे व्यापारियों के लिए यह चोरी बड़ा झटका साबित हुई है।


घटना के बाद चौपाटी में व्यापार करने वाले अन्य दुकानदारों में भी डर का माहौल है। उन्हें आशंका है कि अगर इसी तरह चोरी की घटनाएं होती रहीं, तो उनका व्यवसाय करना मुश्किल हो जाएगा।
इस मामले में चौपाटी संघ के अध्यक्ष रवि वर्मा ने निगम प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि गढ़कलेवा चौपाटी में सुरक्षा के कोई पुख्ता इंतजाम नहीं हैं। यहां लगे सीसीटीवी कैमरे काम नहीं कर रहे हैं और न ही नगर निगम द्वारा कोई सिक्योरिटी गार्ड की नियुक्ति की गई है।


उन्होंने बताया कि जब चौपाटी को घंटाघर मैदान से गढ़कलेवा शिफ्ट किया गया था, तब निगम अधिकारियों द्वारा कई बड़े-बड़े वादे किए गए थे, लेकिन आज तक वे पूरे नहीं हुए। न तो पर्याप्त लाइट की व्यवस्था है और न ही सुरक्षा के इंतजाम किए गए हैं। ऐसे में व्यापारी खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।
रवि वर्मा ने यह भी कहा कि मुख्य सड़क पर रोज नए ठेले-खोमचे लगने से भी चौपाटी के व्यापारियों का व्यवसाय प्रभावित हो रहा है। पहले ही कमाई घट चुकी है, ऊपर से अब चोरी की घटनाएं उनके लिए और बड़ा संकट बन गई हैं।
इस घटना ने एक बार फिर चौपाटी क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी है। व्यापारियों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त की जाए, सीसीटीवी कैमरे चालू किए जाएं और नियमित गश्त बढ़ाई जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।

Share this Article
Home
Wtsp Group
Search