ईपीएफ राशि जमा नहीं होने से विद्युत विभाग के ठेका कर्मचारियों में आक्रोश, कलेक्टर से की शिकायत

Thevoicesnews
Thevoicesnews
2 Min Read

कोरबा/ छत्तीसगढ़ विद्युत विभाग ठेका कर्मचारी कल्याण संघ ने जिले में कार्यरत ठेका कर्मचारियों की ईपीएफ राशि जमा नहीं होने को लेकर कलेक्टर से शिकायत की है। संघ ने आरोप लगाया है कि वर्षों बीत जाने के बाद भी कर्मचारियों के खाते में ईपीएफ की राशि जमा नहीं कराई गई है, जिससे कर्मचारियों में भारी नाराजगी है।

 

संघ द्वारा कलेक्टर को सौंपे गए ज्ञापन में बताया गया है कि वर्ष 2024 में विद्युत विभाग के अंतर्गत कार्यरत ठेका कर्मचारियों को नई कंपनी के माध्यम से कार्य दिया गया था। उस दौरान कर्मचारियों के वेतन से 11 माह की ईपीएफ राशि काटी गई, लेकिन अब तक संबंधित कर्मचारियों के खातों में यह राशि जमा नहीं की गई है।

कर्मचारियों का कहना है कि इस संबंध में विभाग को कई बार अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। इससे नाराज होकर कर्मचारियों ने 1 अप्रैल से सामूहिक अवकाश पर जाने का निर्णय लिया है।

संघ ने कलेक्टर से मांग की है कि मामले की जांच कर जल्द से जल्द कर्मचारियों की ईपीएफ राशि जमा कराई जाए, ताकि उन्हें उनका अधिकार मिल सके। ज्ञापन में चेतावनी दी गई है कि यदि समय पर कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।

Share this Article
Home
Wtsp Group
Search
📲 Share