कोरबा कोर्ट परिसर में भगदड़ : फरार आरोपी दूसरी मंजिल से गिरा, गिरफ्तारी से बचने की कोशिश में घायल

Thevoicesnews
Thevoicesnews
2 Min Read

कोरबा | द वॉइस न्यूज़

जिला एवं सत्र न्यायालय कोरबा परिसर में बुधवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक फरार आरोपी अधिवक्ता भवन की दूसरी मंजिल से नीचे गिर गया। आरोपी की पहचान संदीप अग्रवाल के रूप में हुई है, जो कटघोरा थाना में वर्ष 2024 में दर्ज एक आपराधिक मामले में फरार चल रहा था।

सुनवाई के लिए आया था कोर्ट

मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी अपने केस से संबंधित दस्तावेजों की नकल नहीं मिलने से परेशान था। इसी को लेकर उसने कोर्ट में RTI आवेदन दाखिल किया था। उसी आवेदन पर सुनवाई के लिए उसे बुधवार को कोर्ट बुलाया गया था।

पुलिस को लगी भनक, पहुंची टीम

बताया जा रहा है कि आरोपी के कोर्ट आने की सूचना पुलिस को पहले ही मिल गई थी। जैसे ही वह कोर्ट परिसर पहुंचा, उसे पकड़ने के लिए पुलिस टीम भी मौके पर पहुंच गई।

बचने के लिए भागा, दूसरी मंजिल से गिरा

पुलिस को देखते ही आरोपी घबरा गया और गिरफ्तारी से बचने के लिए अधिवक्ता भवन की ओर भागा। इस दौरान वह भवन की दूसरी मंजिल तक पहुंच गया, लेकिन भागने के प्रयास में संतुलन बिगड़ गया और वह नीचे गिर गया।

अधिवक्ताओं ने पहुंचाया अस्पताल

गिरने की तेज आवाज सुनकर मौके पर मौजूद अधिवक्ताओं ने तत्काल उसे देखा और गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया। युवक के सिर और सीने में गंभीर चोटें आई हैं, हालांकि राहत की बात यह है कि उसकी हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है।

मौके पर पहुंचे CSP, जांच जारी

घटना की सूचना मिलते ही कोरबा CSP प्रतीक चतुर्वेदी मौके पर पहुंचे और घायल आरोपी से पूछताछ की जा रही है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।

पुलिस का पक्ष आना बाकी

फिलहाल इस पूरे मामले में पुलिस का आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। पुलिस का पक्ष मिलते ही खबर को अपडेट किया जाएगा। यह पूरी ख़बर आरोपी व उनके अधिवक्ता द्वारा दी गई जानकारी के आधार पर तैयार की गई है।

Share this Article
Home
Wtsp Group
Search
📲 Share