
कोरबा। पश्चिम बंगाल, असम एवं पुडुचेरी में भारतीय जनता पार्टी की ऐतिहासिक जीत के बाद कोरबा जिले में उत्साह और खुशी का माहौल देखने को मिला। शहर के टीपी नगर चौक में भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने पटाखे फोड़कर तथा मिठाई व झालमुड़ी बांटकर जीत का जश्न मनाया।

इस मौके पर उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन, महापौर संजू देवी राजपूत, पूर्व महापौर जोगेश लांबा, पूर्व जिला अध्यक्ष एवं वरिष्ठ पार्षद अशोक चावलानी सहित भाजपा जिला कोरबा के वरिष्ठ पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर जीत की बधाई दी और जनता के बीच खुशी साझा की।

कार्यक्रम के दौरान आम नागरिकों को भी मिठाई एवं झालमुड़ी वितरित की गई, जिससे माहौल पूरी तरह उत्सवमय हो गया। बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी ने इस जीत के प्रति जनसमर्थन और उत्साह को दर्शाया।

इस अवसर पर मंत्री लखन लाल देवांगन ने कहा कि पश्चिम बंगाल, असम एवं पुडुचेरी में मिला ऐतिहासिक और प्रचंड जनादेश केवल राजनीतिक सफलता नहीं, बल्कि जनता के विश्वास, आशाओं और आकांक्षाओं की अभिव्यक्ति है। उन्होंने कहा कि जनता ने नकारात्मक राजनीति को नकारते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और ‘सबका साथ, सबका विकास’ के संकल्प पर भरोसा जताया है।

उन्होंने आगे कहा कि यह विजय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व, गृहमंत्री अमित शाह और भाजपा के राष्ट्रीय नेतृत्व की रणनीति, संगठन की मजबूती तथा कार्यकर्ताओं के अथक परिश्रम का परिणाम है।

इस दौरान भाजपा जिला उपाध्यक्ष प्रफुल्ल तिवारी, महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष प्रीति स्वर्णकार, मंडल अध्यक्ष राजेश राठौर, अमित टमकोरिया, परविंदर सिंह, राकेश नागरमल अग्रवाल, प्रकाश अग्रवाल, पार्षद धनश्री साहू, नरेंद्र देवांगन, मोंटी पटेल, अखिलेश पांडे, लक्ष्मीकांत जोशी, कविता सोनी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
