रील का जुनून बना मौत ! नदी में डूबते युवक को दोस्त समझते रहे मस्ती, LIVE VIDEO आया सामने

Thevoicesnews
Thevoicesnews
4 Min Read
WhatsApp Image 2025-07-20 at 10.53.01_42bc2085
WhatsApp Image 2025-07-20 at 10.53.04_54eddaa3
WhatsApp Image 2025-07-20 at 10.53.03_12ad33f5

कोरबा : सोशल मीडिया पर रील बनाने का बढ़ता क्रेज अब जानलेवा साबित होने लगा है। कोरबा जिले की अहिरन नदी में एक दर्दनाक हादसे में 25 वर्षीय युवक की मौत हो गई। युवक नदी में छलांग लगाने के बाद करीब 3 मिनट तक पानी में हाथ-पैर मारता रहा, लेकिन किनारे खड़े उसके दोस्त इसे मस्ती और तैराकी समझते रहे। इस पूरी घटना का LIVE VIDEO भी सामने आया है।

मृतक की पहचान निखिल सिंह के रूप में हुई है, जो SECL कुसमुंडा में पदस्थ डंपर ऑपरेटर का बेटा था। घटना कुसमुंडा थाना क्षेत्र स्थित अहिरन नदी की बताई जा रही है।

रील बनाने के लिए लगाई थी छलांग

जानकारी के अनुसार, मंगलवार दोपहर निखिल अपने तीन दोस्तों के साथ अहिरन नदी में नहाने गया था। इसी दौरान उसने सोशल मीडिया रील बनाने के उद्देश्य से ऊंचाई से नदी में छलांग लगा दी। उसके दोस्त मोबाइल फोन से वीडियो शूट कर रहे थे।

सामने आए वीडियो में दिख रहा है कि छलांग लगाने के बाद निखिल लगातार पानी में संघर्ष करता रहा। वह करीब 3 मिनट तक हाथ-पैर मारता दिखाई दिया, लेकिन दोस्तों को लगा कि वह मजाक और मस्ती कर रहा है। किसी ने भी उसे बचाने की कोशिश नहीं की।

जब निखिल अचानक पानी के अंदर पूरी तरह गायब हो गया, तब दोस्तों को स्थिति की गंभीरता समझ आई। इसके बाद घबराए दोस्तों ने तुरंत परिजनों और पुलिस को सूचना दी।

48 घंटे बाद मिला शव

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, SDRF, NDRF और स्थानीय गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंची। मंगलवार दोपहर से लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया गया। खराब मौसम, तेज हवा और नदी के तेज बहाव के कारण रेस्क्यू अभियान में काफी दिक्कतें आईं।

करीब 48 घंटे बाद बुधवार देर शाम निखिल का शव नदी की सतह पर दिखाई दिया। गोताखोरों ने शव को बाहर निकाला। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। गुरुवार को पोस्टमॉर्टम कराया गया।

NDRF टीम पर भी उठे सवाल

बिलासपुर से पहुंची NDRF टीम को भी रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान चुनौतियों का सामना करना पड़ा। बताया जा रहा है कि टीम के पास ऑक्सीजन सिलेंडर और वाटरप्रूफ कैमरे जैसे जरूरी उपकरण उपलब्ध नहीं थे। उपकरणों की कमी के कारण बचाव अभियान प्रभावित हुआ।

सोशल मीडिया क्रेज पर फिर उठे सवाल

इस हादसे ने एक बार फिर सोशल मीडिया रील्स के खतरनाक ट्रेंड पर सवाल खड़े कर दिए हैं। लाइक्स और व्यूज की चाह में युवा अपनी जान जोखिम में डाल रहे हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि नदी, पहाड़, रेलवे ट्रैक और ऊंचाई वाले स्थानों पर रील बनाना बेहद खतरनाक हो सकता है।

कोरबा की इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। परिवार में मातम पसरा हुआ है, वहीं सोशल मीडिया पर भी लोग इस घटना को लेकर दुख और नाराजगी जाहिर कर रहे हैं।

Share this Article
Home
Wtsp Group
Search
📲 Share