कोरबा। जिले में अवैध आतिशबाजी और प्रतिबंधित पटाखों के भंडारण के खिलाफ पुलिस ने सख्त अभियान शुरू कर दिया है। इसी क्रम में कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत मानिकपुर पुलिस चौकी ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में अवैध पटाखों का जखीरा बरामद किया है। पुलिस ने मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ विस्फोटक अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है।
जानकारी के मुताबिक मानिकपुर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि रेलवे कॉलोनी झोपड़पट्टी क्षेत्र स्थित एक दुकान में अवैध रूप से बड़ी मात्रा में पटाखों का भंडारण कर बिक्री की जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से मौके पर दबिश दी।
तलाशी के दौरान दुकान से भारी मात्रा में बिना लाइसेंस के रखे गए पटाखे बरामद हुए। पटाखों को कार्टून और सफेद बोरियों में छिपाकर रखा गया था। जब्त किए गए पटाखों की अनुमानित कीमत करीब 50 हजार रुपये बताई जा रही है।
पुलिस द्वारा जब्त की गई सामग्रियों में विभिन्न प्रकार के स्काई शॉट, टाइगर बम, मिर्ची पटाखा, कोरोना बम, लहसुन पटाखा, माचिस पटाखा सहित अन्य प्रतिबंधित पटाखे शामिल हैं। बरामद सामग्री में 31 नग स्काई शॉट, 177 नग छोटे-बड़े टाइगर बम, 25 बंडल और 18 पीस मिर्ची पटाखा, 10 नग कोरोना बम तथा एक पूरी बोरी लहसुन पटाखा शामिल है।
मामले में पुलिस ने आरोपी लोचन प्रसाद केशरवानी उर्फ कर्रा केशरवानी (48 वर्ष), निवासी रेलवे कॉलोनी झोपड़ी क्षेत्र को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर धारा 288 bns, 9(ख) विस्फोटक अधिनियम के तहत कार्यवाही की गई हैं
मानिकपुर पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में अवैध और खतरनाक पटाखों के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

