पत्रकारों हेतु क्षेत्रीय संवाद एवं उन्मुखीकरण कार्यक्रम आयोजित,स्वास्थ्य विषयों पर संवेदनशील एवं तथ्यात्मक पत्रकारिता से समाज में सकारात्मक बदलाव संभव

Thevoicesnews
Thevoicesnews
3 Min Read
WhatsApp Image 2025-07-20 at 10.53.01_42bc2085
WhatsApp Image 2025-07-20 at 10.53.04_54eddaa3
WhatsApp Image 2025-07-20 at 10.53.03_12ad33f5

कोरबा | MCCR ट्रस्ट के द्वारा एवं यूनिसेफ के तकनीकी सहयोग से पत्रकारों हेतु क्षेत्रीय संवाद एवं उन्मुखीकरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य सिकल सेल रोग (SCD), बाल मधुमेह (Type 1 Diabetes – T1D), जन्मजात हृदय रोग (CHD) तथा मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य (MCH) जैसे महत्वपूर्ण स्वास्थ्य विषयों पर मीडिया की भूमिका को और अधिक प्रभावी एवं संवेदनशील बनाना रहा।

कार्यक्रम में कोरबा सहित आसपास के क्षेत्रों से आए लगभग 48 पत्रकारों ने सहभागिता की। संवाद एवं प्रशिक्षण सत्रों के दौरान विशेषज्ञों ने बच्चों में बढ़ते गैर-संचारी रोगों की चुनौती, उनकी शीघ्र पहचान, समय पर उपचार एवं उपलब्ध सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी साझा की। साथ ही समुदाय आधारित स्वास्थ्य जागरूकता गतिविधियों एवं जनसहभागिता की आवश्यकता पर भी विशेष बल दिया गया।

विशेषज्ञों ने कहा कि मीडिया केवल सूचना प्रसार का माध्यम नहीं, बल्कि सामाजिक व्यवहार परिवर्तन का एक महत्वपूर्ण स्तंभ है। तथ्यात्मक, संवेदनशील एवं जनहितकारी रिपोर्टिंग के माध्यम से समाज में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाई जा सकती है तथा लोगों को समय पर जांच एवं उपचार के लिए प्रेरित किया जा सकता है। विशेष रूप से ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य संबंधी सही जानकारी पहुँचाने में पत्रकारों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण बताई गई।

कार्यक्रम के दौरान सिकल सेल रोग की समय पर जांच एवं नियमित उपचार, बच्चों में टाइप-1 मधुमेह के शुरुआती लक्षणों की पहचान, जन्मजात हृदय रोग से प्रभावित बच्चों के शीघ्र रेफरल एवं उपचार तथा मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं की निरंतर निगरानी जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। इसके अतिरिक्त पूर्ण टीकाकरण, पोषण, एनीमिया नियंत्रण, सामुदायिक सहयोग एवं बहु-विभागीय समन्वय को मजबूत करने की आवश्यकता पर भी जोर दिया गया।

अधिकारियों ने कहा कि मीडिया, स्वास्थ्य विभाग एवं समुदाय के बीच समन्वित प्रयासों से स्वास्थ्य योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी अधिक प्रभावी ढंग से आमजन तक पहुँचाई जा सकती है। इससे न केवल जागरूकता बढ़ेगी, बल्कि समय पर उपचार एवं स्वास्थ्य सेवाओं के उपयोग में भी सुधार होगा।

कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागियों ने समुदाय स्तर पर स्वास्थ्य जागरूकता को बढ़ावा देने तथा बच्चों एवं माताओं के बेहतर स्वास्थ्य के लिए सकारात्मक एवं जिम्मेदार पत्रकारिता को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम को सफल बनाने में स्वास्थ्य विभाग से श्री अरविंद भारती,जिला सलाहकार सिकल सेल ,डॉ. गजेंद्र सिंह, स्वास्थ्य विशेषज्ञ, यूनिसेफ के नेतृत्व एवं उनकी टीम तथा डॉ. डी. श्याम कुमार एवं एमसीसीआर ट्रस्ट का विशेष सहयोग प्राप्त हुआ।

Share this Article
Home
Wtsp Group
Search
📲 Share