कोरबा। शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत सीतामणी चौक में देर रात उस समय हड़कंप मच गया, जब 15 से अधिक बदमाशों ने एक युवक को घेरकर बेरहमी से मारपीट कर दी। आरोपियों ने युवक पर लात-घूंसों और डंडों से हमला किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बदमाशों ने बीच सड़क युवक को घेर लिया और ताबड़तोड़ हमला शुरू कर दिया। मारपीट के दौरान इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, जिसके बाद घायल युवक को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।

इस पूरी घटना का वीडियो किसी ने मोबाइल में कैद कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में कई युवक मिलकर एक युवक की बेरहमी से पिटाई करते नजर आ रहे हैं।

घटना के बाद कोतवाली पुलिस हरकत में आ गई है। पुलिस वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई करने में जुटी हुई है। फिलहाल मारपीट की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है, लेकिन पुलिस मामले की जांच कर रही है।


