लगातार कार्रवाई के बावजूद नहीं थम रहा अवैध कबाड़ कारोबार, दो दिनों में कई वाहन जब्त

Thevoicesnews
Thevoicesnews
2 Min Read
WhatsApp Image 2025-07-20 at 10.53.01_42bc2085
WhatsApp Image 2025-07-20 at 10.53.04_54eddaa3
WhatsApp Image 2025-07-20 at 10.53.03_12ad33f5

कोरबा। जिले में अवैध कबाड़ कारोबार के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। बीते दो दिनों के भीतर कबाड़ से भरे कई वाहनों की जब्ती ने यह संकेत दिया है कि प्रतिबंध और नियंत्रण के दावों के बावजूद अवैध कारोबार पूरी तरह थमता नजर नहीं आ रहा है।

जानकारी के अनुसार, दो दिन पहले उरगा और बालको थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अवैध कबाड़ परिवहन में लगे वाहनों को जब्त किया था। वहीं ताजा मामले में सीएसईबी चौकी पुलिस ने बीती रात कार्रवाई करते हुए लोहे के पाइप और कटे-फटे कबाड़ से भरे दो वाहनों को पकड़ा है। दोनों वाहनों के संबंध में पूछताछ जारी है तथा वैधानिक कार्रवाई की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।

लगातार हो रही इन कार्रवाइयों ने जिले में सक्रिय अवैध कबाड़ नेटवर्क पर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। एक ओर समय-समय पर यह दावा किया जाता रहा है कि अवैध कबाड़ की खरीद-फरोख्त करने वाले प्रतिष्ठानों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित कर लिया गया है, वहीं दूसरी ओर आए दिन कबाड़ से भरे वाहनों का पकड़ा जाना अलग तस्वीर पेश कर रहा है।

लोगों के बीच यह सवाल भी उठ रहा है कि यदि अवैध कबाड़ कारोबार पर पूरी तरह रोक लग चुकी है, तो फिर इतनी बड़ी मात्रा में कबाड़ का परिवहन आखिर कहां से और किसके लिए किया जा रहा है। लगातार सामने आ रहे मामलों से यह साफ संकेत मिल रहा है कि जिले में अवैध कबाड़ कारोबार की जड़ें अभी भी पूरी तरह समाप्त नहीं हुई हैं।

हालांकि पुलिस की सक्रियता से अवैध कारोबारियों में हड़कंप जरूर है, लेकिन केवल वाहनों की जब्ती से अधिक जरूरी उन स्रोतों और पूरे नेटवर्क तक पहुंचना है, जहां से यह कारोबार संचालित हो रहा है। जिले में जारी कार्रवाई के बीच अब लोगों की नजर इस बात पर टिकी है कि प्रशासन और पुलिस इस अवैध कारोबार की पूरी श्रृंखला पर कब और कितनी प्रभावी चोट कर पाते हैं।

 

Share this Article
Home
Wtsp Group
Search
📲 Share