बरसात में बढ़ा सांपों का आतंक: महिला की मौत, थानेदार के चेंबर में निकला सांप

Thevoicesnews
Thevoicesnews
2 Min Read

कोरबा। जिले में मानसून की दस्तक के साथ ही सर्पदंश की घटनाएं बढ़ने लगी हैं। शुक्रवार को सामने आई दो अलग-अलग घटनाओं ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। एक ओर पसान क्षेत्र में जहरीले सांप के डसने से एक महिला की मौत हो गई, वहीं दूसरी ओर सिविल लाइन थाना परिसर में थाना प्रभारी के चेंबर से सांप निकलने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।

जानकारी के अनुसार, पसान गांव की एक महिला अपने घर में साफ-सफाई कर रही थी। इसी दौरान घर में छिपे जहरीले सांप ने उसे डस लिया। परिजन गंभीर हालत में महिला को तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद पूरे परिवार में शोक का माहौल है।

इधर, शहर के सिविल लाइन थाना परिसर में भी उस समय अफरा-तफरी मच गई जब थाना प्रभारी आस्था शर्मा के चेंबर में सांप दिखाई दिया। सूचना मिलते ही स्नेक रेस्क्यू टीम को मौके पर बुलाया गया। रेस्क्यू विशेषज्ञों ने सावधानीपूर्वक सांप को पकड़कर सुरक्षित रूप से जंगल में छोड़ दिया।

विशेषज्ञों का कहना है कि बारिश और मौसम में बदलाव के चलते सांप अपने बिलों से बाहर निकल रहे हैं और भोजन व सुरक्षित स्थान की तलाश में रिहायशी इलाकों के साथ-साथ सरकारी भवनों तक पहुंच रहे हैं। ऐसे में लोगों को घरों और आसपास की साफ-सफाई बनाए रखने तथा सतर्क रहने की आवश्यकता है।

एक ही दिन सामने आई इन दो घटनाओं ने यह संकेत दे दिया है कि बरसात के मौसम में सर्पदंश का खतरा बढ़ जाता है। स्वास्थ्य विभाग और विशेषज्ञों ने लोगों से अपील की है कि सांप दिखाई देने पर उसे पकड़ने की कोशिश न करें और तत्काल रेस्क्यू टीम या संबंधित विभाग को सूचना दें।

 

Share this Article
Home
Wtsp Group
Search
📲 Share